इस्लामाबाद के सबसे बड़े अस्पताल में ‘मौत का तांडव’! शॉर्ट सर्किट से लगी आग, 15 मासूम बच्चों की मौत
इस्लामाबाद। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां के सबसे बड़े अस्पताल ‘पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज’ के गायनेकोलॉजी वार्ड में मंगलवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में 15 नवजात शिशुओं की मौत हो गई है।
वार्ड में थे 16 बच्चे, सिर्फ 1 को ही बचा पाए डॉक्टर
शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय गायनेकोलॉजी वार्ड में 16 नवजात बच्चे भर्ती थे। आग इतनी तेजी से फैली कि डॉक्टर और स्टाफ सिर्फ 1 ही बच्चे की जान बचा पाए, जबकि 15 मासूमों की दर्दनाक मौत हो गई।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि रात के समय कुछ बच्चों को डिस्चार्ज भी किया गया था, इसलिए मृतकों और प्रभावितों की सही संख्या की पुष्टि की जा रही है।
कैसे भड़की आग और क्या है रेस्क्यू का हाल?
हादसा सुबह करीब 7 बजे का बताया जा रहा है। आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियां और चार एंबुलेंस तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया है, लेकिन वार्ड को ठंडा करने की प्रक्रिया में अभी भी समय लग रहा है।
राजधानी का सबसे बड़ा अस्पताल है PIMS
आपको बता दें कि PIMS इस्लामाबाद का सबसे बड़ा और प्रमुख मेडिकल संस्थान है। इसके दायरे में कई बड़े मेडिकल सेंटर संचालित होते हैं, जिनमें इस्लामाबाद अस्पताल, चिल्ड्रन्स अस्पताल, मदर एंड चाइल्ड हेल्थ सेंटर, बर्न केयर सेंटर और कार्डियक सेंटर शामिल हैं। इतनी बड़ी सुविधाओं वाले अस्पताल में इस तरह का हादसा होना वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
