रायपुर: भनपुरी इलाके की ऑयल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दूर तक काले धुएं का गुबार, देखिए वीडियो
फैक्ट्री में लगी भीषण आग
राजधानी रायपुर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भनपुरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक ऑयल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। घटना खमतराई थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
कावेरी इंडस्ट्री में लगी भीषण आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर कावेरी इंडस्ट्री में अचानक आग भड़क उठी। फैक्ट्री में मौजूद ऑयल और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते फैक्ट्री का एक बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
धुएं का गुबार देख कर्मचारियों ने खाली कराई फैक्ट्री
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब 12:30 बजे फैक्ट्री से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही देर बाद आग तेजी से फैल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी गई।
आग पर काबू पाने में जुटी दमकल की टीमें
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस बल के साथ मिलकर दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिशों में जुटे हुए हैं। आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास के क्षेत्र को भी सतर्क कर दिया गया है।
दूर-दूर तक दिखा काले धुएं का गुबार
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की भयावहता साफ नजर आ रही है। काले धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है और फैक्ट्री में हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
