VIDEO : राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक, बाईक रैली के दौरान युवक ने किया किस, सिक्योरिटी गार्ड ने जड़ा थप्पड़
बिहार में चल रही ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई है। रविवार को पूर्णिया जिले में बाइक रैली के दौरान अचानक एक युवक उनकी बाइक के पास पहुंचा और उन्हें किस कर लिया। यह नजारा देख वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सिक्योरिटी ने युवक को पकड़ा, थप्पड़ भी मारा
राहुल गांधी की सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने तत्काल हरकत दिखाई और युवक को पकड़ लिया। वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि एक सिक्योरिटी गार्ड ने युवक को थप्पड़ जड़ दिया और उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
बाइक पर दिखे राहुल गांधी
पूर्णिया में निकाली गई यात्रा के दौरान राहुल गांधी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार थे। उनके पीछे बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम बैठे हुए थे। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस और आरजेडी कार्यकर्ता भी मौजूद थे। राहुल गांधी को बाइक चलाते देख कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर नजर आया।
बिहार में बीजेपी पर साधा निशाना
इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी गरीब और पिछड़े तबकों के अधिकार छीन रही है और अब बिहार में वोट चोरी की साज़िश रच रही है। राहुल ने यह भी कहा कि “बाबा साहेब आंबेडकर की सोच और संविधान बीजेपी-आरएसएस के निशाने पर है।”
यात्रा में तेजस्वी यादव भी साथ
‘वोटर अधिकार यात्रा’ राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के संयुक्त नेतृत्व में निकाली जा रही है। दोनों नेताओं का कारवां अलग-अलग जिलों से गुजर रहा है। पूर्णिया में जब यह घटना घटी, उस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश देखने को मिला।
