दिल दहला देने वाली घटना: युवक ने पत्नी की हत्या कर की आत्महत्या की कोशिश, PNB कर्मियों पर प्रताड़ना का आरोप

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले से एक सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है। गढ़ बेंगाल गांव में एक युवक ने धारदार हथियार से पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। इस घटना में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

घटना के बाद कमरे से एक लेटर (सुसाइड नोट) बरामद हुआ है, जिसमें पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के कुछ कर्मचारियों पर मानसिक प्रताड़ना और पैसों को लेकर दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस खुलासे के बाद मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।

क्या है पूरा मामला?

गढ़ बेंगाल गांव निवासी तिलक राम मंडावी अपनी पत्नी सुमित्रा मंडावी के साथ मिलकर एक ग्राहक सेवा केंद्र (Customer Service Center) का संचालन करता था। यह केंद्र सुमित्रा मंडावी की ID पर पंजीकृत था।

13 जनवरी को दोपहर के समय घर में दोनों ही मौजूद थे। अचानक सुमित्रा खून से लथपथ हालत में कमरे से बाहर निकली, जिसे देखकर परिजन घबरा गए। जब वे कमरे के भीतर पहुंचे तो देखा कि तिलक राम फांसी के फंदे पर लटका हुआ था और छटपटा रहा था। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और दोनों को नारायणपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें रायपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान सुमित्रा मंडावी की मौत हो गई, जबकि तिलक राम बाद में रायपुर एम्स से स्वस्थ होकर घर लौट आया।

सुसाइड नोट से बदला जांच का एंगल

शुरुआत में मामला घरेलू विवाद का माना जा रहा था, लेकिन कमरे से मिले पत्र ने पूरे केस की दिशा बदल दी। यह पत्र संजिवनी विकास फाउंडेशन के नाम लिखा गया है और इसमें बैंक कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

पत्र में लगाए गए आरोप

पत्र में सुमित्रा मंडावी ने लिखा है कि उन्होंने किसी भी ग्राहक का KYC या CRM नहीं किया, क्योंकि उनकी ID से केवल आधार लिंकिंग होती थी। KYC और CRM की प्रक्रिया बैंक कर्मचारियों द्वारा की जाती थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि बैंक कर्मचारी गलत तरीके से ग्राहकों का पैसा निकालने के मामले में उन्हें फंसा रहे हैं और लगातार पैसे जमा करने का दबाव बना रहे थे। पत्र के अनुसार, तिलक राम मंडावी ने दो अलग-अलग खातों में 1 लाख 37 हजार रुपये जमा किए, इसके अलावा PNB कर्मचारी अमित कुमार साहू को 30 हजार रुपये नकद दिए गए और फोन-पे के माध्यम से 20 हजार रुपये उसके परिजन को ट्रांसफर किए गए।

फिलहाल पुलिस इस पत्र, लेन-देन और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच कर रही है।

Youthwings