भदौर हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई: दो थानाध्यक्ष निलंबित, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे

मोकामा। पंडारक प्रखंड के भदौर में जनसुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था में कमी के आरोपों के बाद पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने दो थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, भदौर थानाध्यक्ष रवि रंजन चौहान और घोसवरी थानाध्यक्ष मधुसूदन कुमार को गंभीर चूक और क्षेत्र में सतर्कता की कमी के चलते सस्पेंड किया गया है। एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है, और आगे विशेष टीम जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे
रिपोर्ट में सामने आया कि दुलारचंद यादव की मौत सीने पर भारी दबाव पड़ने से हुई। उनके हृदय और फेफड़ों पर अत्यधिक दबाव के कारण सांस रुक गई। इसके अलावा एड़ी में गोली लगने के निशान मिले हैं, जो आर-पार चली गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, पहले उन्हें बेरहमी से पीटा गया और बाद में संभवतः किसी वाहन से कुचला गया।

चार एफआईआर और 35 गिरफ्तारियां
अब तक इस हत्याकांड में चार प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं। ताजा एफआईआर में राजद प्रत्याशी वीणा देवी के समर्थकों को आरोपी बनाया गया है, जिसमें तीन नामजद और पांच अज्ञात शामिल हैं। पुलिस ने अब तक 35 लोगों को गिरफ्तार किया है और पूछताछ जारी है।

क्षेत्र में बढ़ाई गई निगरानी
घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस गश्ती और निगरानी बढ़ा दी गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। एसएसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा, और जो भी इस जघन्य अपराध में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Youthwings