‘अमित शाह का सिर काटकर टेबल पर रख देना चाहिए’, महुआ मोइत्रा का गृह मंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी

तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा एक बार फिर विवादों में हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोलते हुए उन्होंने ऐसी टिप्पणी कर दी, जिसने राजनीतिक हलकों में तूफान खड़ा कर दिया। महुआ ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि “अगर भारत की सीमाओं की रक्षा नहीं हो पा रही, तो सबसे पहले अमित शाह का सिर काटकर टेबल पर रख देना चाहिए।”

अमित शाह पर निशाना, शब्दों की मर्यादा लांघी

दरअसल, पत्रकारों ने महुआ से बंगाल में हो रही अवैध घुसपैठ को लेकर सवाल पूछा था। इस पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री खुद 15 अगस्त को लाल किले से घुसपैठ की बात कर चुके हैं और जनसंख्या बदलाव को लेकर चिंता जताई थी। महुआ ने आरोप लगाया कि जब प्रधानमंत्री बोल रहे थे, तब “पहली पंक्ति में बैठे गृह मंत्री खीसें निपोरते हुए ताली बजा रहे थे।”

उन्होंने आगे कहा कि, “अगर हर दिन हजारों की संख्या में लोग घुसपैठ कर रहे हैं, हमारी जमीन छीन रहे हैं, हमारी बहन-बेटियों पर नजर डाल रहे हैं, तो जिम्मेदारी किसकी है? गृह मंत्रालय और अमित शाह की। अगर वे सीमा की रक्षा नहीं कर सकते, तो सबसे पहले उनका सिर काटकर टेबल पर रख देना चाहिए।”

बीजेपी ने दर्ज कराई शिकायत

महुआ मोइत्रा के इस बयान के बाद बीजेपी आक्रामक हो गई है। पार्टी ने नदिया जिले के कृष्णानगर कोतवाली थाने में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। यह शिकायत स्थानीय निवासी संदीप मजूमदार ने कराई है। बीजेपी का आरोप है कि महुआ मोइत्रा ने न केवल अमित शाह की छवि खराब करने की कोशिश की, बल्कि लोकतांत्रिक परंपराओं की भी धज्जियां उड़ाईं।

बयान से बढ़ सकती है मुश्किलें

महुआ का यह बयान उनकी राजनीतिक मुश्किलें और बढ़ा सकता है। पहले भी वे कई बार अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रही हैं। इस बार मामला सीधे केंद्रीय गृह मंत्री से जुड़ा है, इसलिए कानूनी कार्रवाई तेज हो सकती है।

 

Youthwings