‘स्वतंत्रता सेनानी गोलियों का शिकार बने, मैं अंडों की!’ कृष्णानगर में महुआ मोइत्रा पर हमला, VIDEO वायरल

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस की लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा के संसदीय क्षेत्र कृष्णानगर में बुधवार को भारी हंगामा देखने को मिला। महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वीडियो जारी कर दावा किया कि जब वे अपने चुनाव क्षेत्र के कार्यालय में बैठक कर रही थीं, तब भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके दफ्तर का घेराव किया और बाहर निकलते वक्त उन पर और उनकी गाड़ी पर अंडे फेंके। सांसद ने घटना का वीडियो खुद अपनी कार के अंदर से रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर साझा करते हुए न्यायपालिका और स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर तीखे सवाल खड़े किए।

सुप्रीम कोर्ट के जज को टैग कर कसा तीखा तंज

महुआ मोइत्रा ने सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस दीपांकर दत्ता को टैग करते हुए अपनी पोस्ट में लिखा कि जस्टिस दीपांकर दत्ता, माई लॉर्ड आज मैं आधिकारिक रूप से आजाद भारत में एक सांसद और स्वतंत्रता सेनानी, दोनों हूं! बीजेपी के पदाधिकारियों ने मेरी मीटिंग का घेराव किया और जब मैं वहां से निकल रही थी, तब मुझ पर अंडे फेंके। माई लॉर्ड, हमारी संवैधानिक सुरक्षा को बरकरार रखने के लिए आपका धन्यवाद।

एक अन्य वीडियो संदेश में सांसद ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने गोलियों का सामना किया था, जबकि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के संदर्भ में आज उन्हें अंडों का निशाना बनना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के नव-निर्वाचित मंडल सभापति, पंचायत समिति सभापति, सह-सभापति और करीब 10 अन्य नेताओं ने सुनियोजित तरीके से उनके कार्यालय का घेराव किया था।

कार का शीशा नीचे करवाकर लगाए ‘टीएमसी जिंदाबाद’ के नारे

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महुआ मोइत्रा लगातार अपने मोबाइल कैमरे से बाहर की स्थिति को रिकॉर्ड कर रही थीं। जब उनकी गाड़ी पर अंडे फेंके जा रहे थे, तभी कार के ड्राइवर ने सुरक्षा को देखते हुए खिड़की का शीशा चढ़ाने की कोशिश की। इस पर महुआ मोइत्रा ने ड्राइवर को डांटते हुए शीशा नीचे रखने को कहा ताकि वे घटना को रिकॉर्ड कर सकें। जब एक व्यक्ति उनकी कार के बराबर में दौड़ने लगा, तब महुआ मोइत्रा ने निडर होकर जोर-जोर से ‘जय तृणमूल कांग्रेस’ और ‘तृणमूल कांग्रेस जिंदाबाद’ के नारे लगाने शुरू कर दिए।

‘पुलिस की मौजूदगी में हुआ सारा तमाशा’

महुआ मोइत्रा ने सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ा रोष जताते हुए कहा कि कोर्ट के आदेश के अनुसार उनके साथ सुरक्षा बल तैनात थे। इसके बावजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पुलिस के सामने ही उपद्रव किया और अंडे फेंके। उन्होंने बताया कि इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा और उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर वहां से रवाना किया गया। महुआ ने सवाल उठाया कि जब उनकी कोई गलती नहीं थी, तो उन्हें वहां से क्यों हटाया गया, जबकि पुलिस को उन उपद्रवियों पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए थी जो खुलेआम अंडे लेकर पहुंचे थे।

Youthwings