महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों का होगा घर-घर सर्वे, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

महतारी वंदन योजना

महतारी वंदन योजना

रायपुर: महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लाभार्थी महिलाओं की पहचान और सत्यापन के लिए राजधानी रायपुर में घर-घर सर्वे किया जाएगा। सर्वे के दौरान यदि किसी महिला का पता गलत पाया गया, दस्तावेज अधूरे मिले या हितग्राही की मृत्यु हो चुकी हो, तो उस स्थिति में नई रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

सीडीपीओ और डीपीओ पर होगी सख्त कार्रवाई:

महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव ने रायपुर जिले में योजना की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। लापरवाही बरतने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सुपरवाइजर, सीडीपीओ और जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की आंगनबाड़ियों का करेंगे निरीक्षण :

अब जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला बाल विकास अधिकारी और क्षेत्रीय अधिकारी नियमित रूप से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की आंगनबाड़ियों का निरीक्षण करेंगे। समीक्षा बैठक में यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सभी पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ समय पर पहुंचे।

क्या है महतारी वंदन योजना?

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित महतारी वंदन योजना के तहत राज्य की विवाहित महिलाओं को हर माह ₹1,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यानी साल भर में कुल ₹12,000 की सहायता दी जाती है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनके सामाजिक स्तर में सुधार लाना है।

Youthwings