‘छत्तीसगढ़ महतारी’ मूर्ति स्थापित करने नेशनल हाइवे पहुंचे किसान मोर्चा सदस्य, 6 गिरफ्तार

महासमुंद। राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर तुमगांव थाना क्षेत्र में छत्तीसगढ़ किसान मोर्चा के छह सदस्यों को मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी का कारण एनएचएआई की भूमि पर ‘छत्तीसगढ़ महतारी’ की मूर्ति स्थापित करने का प्रयास बताया जा रहा है।

 

पुलिस के अनुसार, हाईवे पेट्रोलिंग कर्मचारी कमलेश पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि किसान मोर्चा के कार्यकर्ता रायपुर-सरायपाली मार्ग पर यातायात बाधित करते हुए अवैध रूप से मूर्ति स्थापित कर रहे थे। इस पर मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने कार्यकर्ताओं को समझाइश दी, लेकिन उन्होंने अपना प्रयास जारी रखा।

 

पुलिस ने बीएनएस की धारा 285, 3(5) और राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम 1956 की धारा 8B के तहत मामला दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।

 

घटना तुमगांव थाना क्षेत्र के करणी कृपा प्लांट के सामने हुई बताई जा रही है, जहां अब पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अवरोध गंभीर अपराध है और ऐसी कार्रवाई पर कानूनन कार्रवाई की जाएगी।

Youthwings