रायपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: 6 व्यावसायिक परिसर सील, 50 लाख से अधिक का बकाया कर वसूला
रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम ने बकाया संपत्ति कर की वसूली के लिए सख्ती बरतते हुए जोन क्रमांक-10 क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। निगम आयुक्त विश्वदीप, उपायुक्त राजस्व जागृति साहू तथा जोन-10 कमिश्नर विवेकानंद दुबे के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने वर्षों से कर नहीं चुकाने वाले व्यावसायिक परिसरों को सील कर दिया।
जोन-10 के वार्ड क्रमांक 50, 52, 53 एवं 56 में नोटिस, डिमांड बिल तथा अंतिम सूचना जारी होने के बावजूद कर नहीं जमा करने वाले कुल 6 व्यावसायिक परिसरों पर सील लगाई गई। इन परिसरों पर कुल 50 लाख 72 हजार 839 रुपये का कर बकाया था।
कार्रवाई के दौरान मौके पर ही 4 लाख 41 हजार 12 रुपये का भुगतान प्राप्त हुआ। शेष तीन बकायेदार दुकानदारों ने बाकी राशि जमा करने के लिए दो दिन का समय मांगा है।
कार्रवाई में जोन-10 के सहायक राजस्व अधिकारी गौरीशंकर साहू, राजस्व निरीक्षक नरेंद्र सोनी सहित सभी सहायक राजस्व निरीक्षक मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की गई।
नगर निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बड़े बकायेदारों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इससे राजस्व संग्रह में वृद्धि होगी तथा शहर के विकास कार्यों को गति मिलेगी।
निगम ने सभी करदाताओं से अपील की है कि बकाया कर शीघ्र जमा करें, अन्यथा सीलिंग जैसी कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
