गो-तस्करी के दौरान कंटेनर पलटा, 50 से अधिक गायों की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

जगदलपुर (बस्तर)। कोटपाड़ थाना क्षेत्र के घुमर गांव के पास एक बड़ा हादसा हो गया। मवेशियों से भरा एक कंटेनर सड़क किनारे पलट गया, जिसमें 50 से अधिक गायों की मौके पर ही मौत हो गई। कंटेनर देर रात अवैध रूप से मवेशियों को कोटपाड़ क्षेत्र से घुमर मार्ग होते हुए आंध्र प्रदेश ले जाया जा रहा था।

 

बताया जा रहा है कि कंटेनर में बड़ी संख्या में मवेशी ठूंसकर भरे होने के कारण चालक का वाहन पर नियंत्रण खो गया और कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि अधिकांश गायें मौके पर ही मर गईं।

 

दुर्घटना की सूचना मिलते ही घुमर गांव एवं आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और पुलिस तथा अग्निशमन विभाग को सूचित किया। पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक 50 से अधिक गायों की जान जा चुकी थी।

 

ग्रामीणों में आक्रोश, रोजाना हो रही तस्करी पर सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना अवैध गो-तस्करी की जा रही है। बार-बार विरोध और शिकायत करने के बावजूद यह सिलसिला नहीं थम रहा। आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाओं में बेकसूर मवेशियों की जान जा रही है। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में गायों की मौत से घुमर गांव एवं आसपास के क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है साथ ही तस्करी करने वालों के खिलाफ आक्रोश भी बढ़ गया है।

 

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है तथा अवैध गो-चालान के नेटवर्क पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त निगरानी एवं तस्करी रोकने की मांग की है।

Youthwings