LPG Shortage in Chhattisgarh: गैस की किल्लत के बीच अचानक बढ़ी सिलेंडर बुकिंग, एक दिन में दोगुना हुआ आंकड़ा

LPG Shortage in Chhattisgarh: पश्चिम एशिया में चल रहे संकट का असर अब देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में भी साफ देखने को मिल रहा है। प्रदेश में एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी की खबरों के बीच अब लोगों में अचानक गैस रिफिल कराने की होड़ मच गई है। हालात ऐसे हैं कि एक ही दिन में गैस सिलेंडर बुकिंग का आंकड़ा दोगुना हो गया है।

ऑयल कंपनियों की रिपोर्ट में इसको लेकर चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में घरेलू गैस उपभोक्ताओं की कुल संख्या 66.62 लाख है, लेकिन इनमें से सिर्फ 10 प्रतिशत यानी करीब 6.86 लाख उपभोक्ता ही हर महीने नियमित रूप से सिलेंडर बुक कराते थे।

वहीं, 38 प्रतिशत यानी 24.98 लाख उपभोक्ता 1 से 3 महीने में एक बार बुकिंग करते थे। करीब 29 प्रतिशत यानी 19.54 लाख उपभोक्ताओं ने पिछले एक साल में एक भी बार सिलेंडर नहीं मंगाया। इसके अलावा 23 प्रतिशत यानी 15.22 लाख उपभोक्ता ऐसे हैं जो 6 महीने में एक बार गैस सिलेंडर लेते हैं।

अचानक दोगुनी हुई बुकिंग

इन आंकड़ों के आधार पर पहले जहां प्रदेश में रोजाना लगभग 74 हजार सिलेंडर की बुकिंग होती थी, वहीं पश्चिम एशिया संकट के बाद यह आंकड़ा अचानक बढ़कर 1.42 लाख सिलेंडर प्रतिदिन तक पहुंच गया है। इससे साफ है कि जो लोग पहले गैस नहीं लेते थे, वे भी अब तेजी से बुकिंग कर रहे हैं।

राजधानी रायपुर का हाल

राजधानी रायपुर में भी हालात कुछ अलग नहीं हैं। यहां सामान्य दिनों में हर दिन 4,500 से 5,000 सिलेंडर की बुकिंग होती थी, लेकिन संकट शुरू होते ही यह आंकड़ा बढ़कर एक दिन में 16 हजार तक पहुंच गया। यह बढ़ोतरी दर्शाती है कि लोगों में गैस की कमी को लेकर चिंता तेजी से बढ़ी है।

उज्ज्वला कनेक्शन और बढ़ी मांग

राज्य में करीब 38 लाख उपभोक्ता प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत जुड़े हुए हैं। आमतौर पर इस श्रेणी के उपभोक्ता साल में कुछ ही सिलेंडर रिफिल कराते हैं, लेकिन संकट के दौरान इसी वर्ग में सबसे ज्यादा बुकिंग बढ़ी है।

किल्लत के पीछे क्या वजह?

विशेषज्ञों का मानना है कि जब होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कॉमर्शियल गैस की सप्लाई को करीब 20 प्रतिशत तक सीमित किया गया, तो इसकी भरपाई के लिए घरेलू गैस सिलेंडर का सहारा लिया जाने लगा।

इसके अलावा, संकट के दौरान जमाखोरी और कालाबाजारी भी बढ़ी है, जिसके चलते मांग और अधिक बढ़ गई है। यही वजह है कि अचानक गैस सिलेंडर की बुकिंग में भारी उछाल देखने को मिल रहा है।

लोगों में बढ़ी चिंता

एलपीजी की किल्लत की खबरों के बाद आम लोगों में घबराहट का माहौल है। लोग भविष्य की जरूरत को देखते हुए पहले से ज्यादा सिलेंडर बुक करा रहे हैं, जिससे सप्लाई और डिमांड के बीच असंतुलन और बढ़ता जा रहा है।

Youthwings