देश में LPG की मारामारी : कहीं सिलेंडर चोरी हो रहे, तो कहीं घंटों की कतारें…ईरान युद्ध की आंच संसद तक!

ईरान संकट के बाद देश में एलपीजी की किल्लत नजर आने लगी है। युद्ध की आंच भारत तक पहुंच गई है और इसका असर साफ दिख रहा है। गैस सिलेंडरों के लिए कई जगहों पर मारामारी दिख रही है। कहीं सिलेंडर चोरी हो रहे हैं, तो कहीं गैस भरवाने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। विपक्ष भी इस मौके को भुनाने का मौका नहीं छोड़ रहा और संसद परिसर में प्रदर्शन कर रहा है। गैस किल्लत पर क्या हालात दिख रहे हैं, आइए जानते हैं।

 

झांसी में गैस डिपो के बाहर से सिलेंडर चोरी

 

झांसी में गैस डिपो के बाहर से चोरी हुए 524 भरे एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद हुए हैं। चोर एक डिपो के बाहर खड़ा सिलेंडर से भरा ट्रक चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने खाली ट्रक बरामद किया था। जांच में सामने आया कि झांसी की एक गैस एजेंसी पर 13 लाख में ये सिलिंडर बेचे गए थे। इस मामले में पुलिस ने गैस एजेंसी मालिक सहित 7 आरोपी गिरफ्तार किए हैं ।

 

लखनऊ में गैस गोदाम के बाहर लंबी लाइन

 

लखनऊ में गैस एजेंसी और गोदाम के बाहर आज भी लंबी कतार दिखाई दे रही है। क्या सच में एलपीजी सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं या फिर लोग डर की वजह से सिलेंडर एडवांस में लेकर घर में रखना चाहते हैं? लखनऊ में एक ऐसे ही एलपीजी सिलेंडर के गोदाम के बाहर लंबी कतार दिखाई दी। लोगों कहना है कि गैस खत्म होने के बाद जब सिलेंडर घर नहीं पहुंचा, तब सिलेंडर लेने के लिए पहुंचे हैं। ऑनलाइन बुकिंग कर रहे हैं उसके बावजूद सिलेंडर घर नहीं आ रहा है। कुछ लोग कहना है कि डीएसए नंबर भी नहीं मिलता इसलिए दिक्कत हो रही है। कुछ लोग यह भी कह रहे हैं की डर भी है कि खत्म हो जाएगा तो नहीं मिलेगा, इसलिए भी सिलेंडर भरवा कर रख लेना चाहते हैं । भोपाल में भी एक गैस एजेंसी पर ऐसा ही नजारा दिखा। यहां सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतार नजर आई। लोगों के मन में डर है कि कहीं आगे चलकर गैस मिलने में दिक्कत ना शुरू हो जाए।

 

कोलकाता में ऑटो संकट, कीमतों में उछाल

 

कोलकाता के अलग अलग हिस्सों में एलपीजी की किल्लत सामने आ रही हैं। खासतौर पर शहर के ज्यादातर ऑटो रूट अब प्रभावित हो रहे हैं क्यूंकि उनको एलपीजी (ऑटोगैस) नहीं मिल पा रहा है। दक्षिण कोलकाता के तारातला में ऑटो की कतार लगभग 1.5 किमी लंबी दिखी। कुछ लोग कल रात से कतार में खड़े रहे, तो कुछ लोग आज सुबह से। हर कोई एलपीजी रीफिलिंग के लिए घंटों तक कतार में खड़ा रहा ।

 

ऑटो ड्राइवर्स का कहना है कि कल एलपीजी ज्यादातर गैस स्टेशन पर नहीं मिल रहा था। आज फिर भी कुछ जगहों पर मिल रहा हैं लेकिन वह पर्याप्त नहीं है। साथ ही, आज एक और समस्या सामने आई हैं। आज प्रति लीटर एलपीजी की कीमत 5 रुपये बढ़ी है और कोलकाता में आज एलपीजी (ऑटोगैस) 5 रुपये बढ़कर 62.68 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इससे ऑटो ड्राइवर्स को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है ।

 

नोएडा में भी एलपीजी किल्लत

 

वहीं, नोएडा में भी आज सुबह से एलपीजी गैस एजेंसियों पर लंबी लाइन देखी जा रही है। नोएडा के सेक्टर 54 और सेक्टर 63 स्थित गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की लंबी लाइन दिखी। गैस सिलेंडर की चाहत में उपभोक्ता सुबह से लाइन में लगे हुए हैं। कई उपभोक्ता ऐसे हैं जो कल भी आए थे लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पाया था। वहीं सबसे ज्यादा परेशानी कमर्शियल सिलेंडर की है। कमर्शियल सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को काफी दिक्कत हो रही है। कमर्शियल सिलेंडर का स्टॉक न के बराबर है जिस वजह से होटल रेस्टोरेंट में सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं जिसकी वजह से कई होटल बंद भी हैं ।

 

दिल्ली हाईकोर्ट के लॉयर्स कैंटीन में भी किल्लत

 

दिल्ली हाईकोर्ट के लॉयर्स कैंटीन में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत हो गई है। कैंटीन मैनेजर ने हाईकोर्ट सेक्रेटरी को पत्र लिखकर सूचित किया कि मेनकोर्स भोजन नहीं परोसा जा सकेगा। हालांकि इस दौरान सैंडविच, फ्रूट चाट, सलाद सर्व किया जा सकेगा ।

Youthwings