शराब घोटाला: ACB झारखंड की छत्तीसगढ़ में बड़ी रेड, रायपुर–दुर्ग में शराब कारोबारियों के ठिकानों पर छापे

रायपुर। शराब घोटाले के मामले में ACB झारखंड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ के रायपुर और दुर्ग जिलों में छापेमार अभियान चलाया है। जांच एजेंसी की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, ACB की टीम रायपुर के अशोका रत्न इलाके में स्थित शराब कारोबारी सौरभ केड़िया के ठिकानों पर जांच कर रही है। वहीं, दुर्ग जिले में भी शराब कारोबार से जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है।

बताया जा रहा है कि यह छापेमारी झारखंड शराब घोटाले से जुड़े नेटवर्क, अवैध लेन-देन और सप्लाई चेन की जांच के तहत की जा रही है। इससे पहले झारखंड ACB/EOW ने केडिया डिस्टिलरी के मालिक नवीन केडिया को गोवा से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर रांची ले जाया गया।

जांच एजेंसी के अनुसार, आरोप है कि झारखंड में देशी शराब की सप्लाई नवीन केडिया द्वारा की जाती थी, जिससे राज्य सरकार को करीब 136 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि विनय चौबे और अरुणपति त्रिपाठी को डिस्टिलरी से सप्लाई की गई शराब की हर कार्टन पर 300 से 600 रुपये तक का कमीशन दिया जाता था।

बताया गया है कि पूछताछ के लिए समन जारी होने के बावजूद नवीन केडिया ने ACB कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था। इसके बाद वह फरार चल रहा था और अंततः उसे गोवा से गिरफ्तार किया गया। अब ACB झारखंड की टीम इस घोटाले से जुड़े अन्य कड़ियों और कारोबारियों की भूमिका की गहन जांच में जुटी हुई है।

Youthwings