सिक्किम में लैंडस्लाइड से सेना का कैंप तबाह, 3 जवानों की मौत, 6 लापता
गंगटोक। सिक्किम में रविवार शाम भारी बारिश के चलते एक बड़ा हादसा हो गया। शाम करीब 7 बजे सेना का एक कैंप भूस्खलन की चपेट में आ गया। इस दर्दनाक हादसे में तीन जवानों की मौत हो गई, जबकि चार लोगों को मलबे से जिंदा निकाला गया है, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। अभी भी छह जवान लापता हैं, जिन्हें तलाशने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
सेना ने सोमवार को घटना की पुष्टि करते हुए मृतकों की पहचान हवलदार लखबिंदर सिंह, लांस नायक मनीष ठाकुर और पोर्टर अभिषेक लखाड़ा के रूप में की है।
एक हजार से अधिक टूरिस्टों को किया गया रेस्क्यू:
इसी दौरान, सिक्किम के लाचेन और लाचुंग इलाकों में फंसे 1,000 से अधिक पर्यटकों को भी सोमवार को रेस्क्यू किया गया। ये सभी टूरिस्ट 30 मई से भारी बारिश और रास्ते बंद होने के कारण फंसे हुए थे। राहत और बचाव दल ने कठिन परिस्थितियों में सफलतापूर्वक इन सभी को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया।
पूर्वोत्तर में भारी बारिश से तबाही, अब तक 37 की मौत:
सिर्फ सिक्किम ही नहीं, बल्कि असम, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और मेघालय जैसे पूर्वोत्तर के राज्यों में भी पिछले चार दिनों से मूसलधार बारिश जारी है। इस बारिश के कारण भारी बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
अब तक इस प्राकृतिक आपदा में कम से कम 37 लोगों की मौत हो चुकी है: असम में 10, अरुणाचल प्रदेश में 9, मिजोरम में 5, मेघालय में 6 लोगों की मौत हो चुकी है।
