KP Oli Arrest: हिंसक प्रदर्शन में मौतों के आरोप में नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली गिरफ्तार

KP Oli Arrest: नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को पिछले साल हुए हिंसक जेन-जेड विरोध प्रदर्शनों में हुई मौतों के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी बलेंद्र शाह के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के एक दिन बाद हुई।

ओली को नेपाल पुलिस ने उनके भक्तपुर जिले के गुंडू स्थित आवास से हिरासत में लिया। उनके साथ उनके पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को भी गिरफ्तार किया गया।

नेपाल पुलिस के प्रवक्ता ओम अधिकारी ने बताया, “उन्हें आज सुबह गिरफ्तार किया गया है और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ेगी।” हालांकि, केपी ओली ने इसे “प्रतिशोध की भावना से” की गई गिरफ्तारी बताया और मीडिया से कहा, “मैं कानूनी लड़ाई लड़ूंगा।”

पिछले साल 8 और 9 सितंबर को भ्रष्टाचार विरोधी युवा विद्रोह के दौरान कम से कम 19 युवाओं समेत 70 से अधिक लोग मारे गए थे। यह हिंसा सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के विरोध में शुरू हुई थी और प्रदर्शन के अगले ही दिन संसद और सरकारी कार्यालयों में आगजनी के साथ पूरे नेपाल में फैल गई।

इस हिंसा और राजनीतिक दबाव के चलते ओली को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफ़ा देना पड़ा था। इसके बाद महिला मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को नेपाल की अंतरिम सरकार की कमान सौंपी गई थी।

Youthwings