तांत्रिक क्रिया के नाम पर जहर देकर तीन की हत्या, कोरबा पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार

कोरबा। कोरबा जिले में तांत्रिक क्रिया के नाम पर एक स्क्रैप कारोबारी समेत तीन लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने गुरुवार को मुख्य तांत्रिक राजेंद्र कुमार उर्फ बैगा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि बाद में तीन और संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।

11 दिसंबर को मिले थे तीनों शव
11 दिसंबर की सुबह बरबसपुर के एक फार्महाउस में स्क्रैप कारोबारी अशरफ मेमन, एक स्थानीय युवक और बिलासपुर के एक युवक के शव मिले थे। पुलिस जांच में पता चला कि पीड़ित बैगा के झांसे में आकर तांत्रिक क्रिया में शामिल हुए थे।

2.5 करोड़ का झांसा
गिरफ्तार आरोपी बैगा राजेंद्र कुमार ने पीड़ितों से दावा किया था कि अगर वे उसे 5 लाख रुपये देंगे, तो वह तांत्रिक क्रिया से उनके पैसे को 2.5 करोड़ कर देगा। इसी अंधविश्वास में 10 दिसंबर की रात फार्महाउस में पूजा रखी गई।

जहर देकर की हत्या
मामले में गवाह अश्विनी कुर्रे के अनुसार, बैगा ने पूजा के दौरान एक-एक कर तीनों पीड़ितों को कमरे में बुलाया और उन्हें नींबू देकर 15 से 30 मिनट के लिए अंदर बंद कर दिया। जब दरवाजा खोला गया, तो तीनों की मौत हो चुकी थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पुष्टि हुई कि उन्हें जहर देकर मारा गया था।

पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है और आगे की जांच जारी है।

 

Youthwings