Asia Cup 2025: एशिया कप में भारत का पहला मुकाबला किसके साथ और कब, जानिए..

Asia Cup 2025

Asia Cup 2025

Asia Cup 2025: भारतीय क्रिकेट टीम एशिया कप 2025 में हिस्सा लेने के लिए 4 सितंबर को दुबई रवाना होगी। इस बार टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में होगी। भारत को टूर्नामेंट के पूल-ए में जगह मिली है, जहां उसके साथ पाकिस्तान, यूएई और ओमान की टीमें भी शामिल हैं। बीसीसीआई ने खिलाड़ियों को 4 सितंबर तक दुबई पहुंचने के निर्देश दिए हैं। टीम इंडिया का पहला प्रैक्टिस सेशन 5 सितंबर को आईसीसी अकेडमी में होगा।

भारत का पहला मुकाबला

टीम इंडिया एशिया कप 2025 में अपना पहला मैच 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ खेलेगी। यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा। इस मैदान पर भारत का टी20 रिकॉर्ड लगभग बराबरी का रहा है। यहां खेले गए 9 मुकाबलों में से भारत ने 5 मैच जीते हैं जबकि 4 में उसे हार का सामना करना पड़ा है।

मैच का समय

टूर्नामेंट का शेड्यूल जारी करते समय सभी मैचों का समय भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे तय किया गया था। लेकिन यूएई की तेज गर्मी को देखते हुए आयोजन समिति ने मुकाबलों की शुरुआत का समय आधा घंटा आगे बढ़ा दिया है। अब भारत और यूएई का यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8:00 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस शाम 7:30 बजे होगा।

कहां देखें लाइव टेलीकास्ट और स्ट्रीमिंग

भारत में सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास एशिया कप 2025 के प्रसारण अधिकार हैं। भारत और यूएई का मुकाबला टीवी पर सोनी टेन 1 और सोनी टेन 3 चैनलों पर सीधा प्रसारित किया जाएगा। वहीं ऑनलाइन दर्शकों के लिए मैच की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप पर उपलब्ध होगी। फैंस अपने स्मार्टफोन, लैपटॉप या स्मार्ट टीवी पर SonyLIV ऐप में लॉगिन कर मैच का आनंद ले सकते हैं।

Youthwings