15 जनवरी को पतंग महोत्सव: आसमान में लहराएंगी रंग-बिरंगी पतंगें, विजेताओं को मिलेगा सम्मान
15 जनवरी को पतंग महोत्सव
अंबिकापुर स्थित गांधी स्टेडियम में मकर संक्रांति के अवसर पर एक बार फिर रंग-बिरंगी पतंगों से आसमान सजने जा रहा है। प्रतिवर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सरगुजा सेवा समिति द्वारा 15 जनवरी को पतंग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
18 वर्षों से हो रहा आयोजन
दरअसल, अंबिकापुर में बीते 18 वर्षों से सरगुजा सेवा समिति द्वारा लगातार पतंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी गांधी स्टेडियम में ‘पतंग काटो प्रतियोगिता’ और ‘फैंसी पतंग प्रतियोगिता’ का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।
सैकड़ों पतंगबाजों के शामिल होने की उम्मीद
आयोजकों के अनुसार, इस बार भी प्रतियोगिता में सैकड़ों की संख्या में पतंगबाजों के शामिल होने की संभावना है। हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन को लेकर शहर और आसपास के क्षेत्रों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
चायनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध
प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए चायनीज मांझे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। सरगुजा सेवा समिति द्वारा सभी प्रतिभागियों के धागों की जांच की जाएगी। जांच में पास होने वाले प्रतिभागियों को ही प्रतियोगिता में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
