Khairagarh Ice Factory Raid : खैरागढ़ में बिना लाइसेंस चल रही गंदी आइस फैक्ट्री पर छापा, हजारों आइसक्रीम जब्त
खैरागढ़। गर्मी शुरू होते ही आइसक्रीम और आइस कैंडी की मांग बढ़ जाती है, लेकिन साल्हेवारा से सामने आए एक मामले ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। यहां बिना लाइसेंस चल रही एक आइस फैक्ट्री पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की है।
27 मार्च को मिली सूचना के आधार पर टीम ने फैक्ट्री में दबिश दी, जहां गंदगी के बीच आइसक्रीम और आइस कैंडी तैयार की जा रही थी। जांच के दौरान पाया गया कि उत्पादों पर न बैच नंबर था, न निर्माण तिथि और न ही एक्सपायरी डेट दर्ज थी, जिससे उनकी गुणवत्ता और सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए।

कार्रवाई के दौरान करीब 5000 चोकोबार आइसक्रीम पैकेट, पैकेजिंग सामग्री और आइसक्रीम कोन जब्त कर तीन फ्रीजर में सीज किए गए। वहीं लगभग 3000 ऑरेंज कैंडी मौके पर ही नष्ट कर दी गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि फैक्ट्री बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित हो रही थी। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि सभी नियमों का पालन किए बिना यहां उत्पादन और बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
डॉक्टरों के अनुसार, गंदगी में बने ऐसे आइस प्रोडक्ट बच्चों के लिए बेहद खतरनाक हो सकते हैं। इनमें दूषित पानी, सस्ते रंग और केमिकल मिलाए जाने का खतरा रहता है, जिससे फूड पॉइजनिंग, उल्टी-दस्त, पेट दर्द और टाइफाइड जैसी बीमारियां हो सकती हैं।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि गर्मी के मौसम में इस तरह के अवैध कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अभिभावकों को भी सलाह दी गई है कि बच्चों को केवल साफ-सुथरी और भरोसेमंद जगहों से ही खाद्य पदार्थ दिलाएं।

