Kashmir Iran Fundraising : कश्मीर में ईरान के समर्थन में करोड़ों का चंदा, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
कश्मीर घाटी में ईरान के समर्थन में बड़े पैमाने पर चंदा जुटाए जाने की खबर सामने आई है, जिसके बाद देश की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। बताया जा रहा है कि यह फंड ईरानी नागरिकों की मदद के नाम पर जुटाया जा रहा है, लेकिन एजेंसियों को आशंका है कि इसका इस्तेमाल आतंकी फंडिंग में भी हो सकता है।
सूत्रों के मुताबिक अब तक करीब 17.91 करोड़ रुपए का चंदा इकट्ठा किया जा चुका है, जिसमें से लगभग 85 प्रतिशत राशि शिया समुदाय द्वारा दी गई है। कश्मीर के बड़गाम जैसे शिया बहुल इलाकों से ही करीब 9.5 करोड़ रुपए जुटाए गए हैं। यह फंडरेजिंग जकात और सदका के जरिए की जा रही है।
जानकारी के अनुसार भारत में ईरानी दूतावास ने सीधे फंड ट्रांसफर के लिए एक विशेष बैंक अकाउंट और UPI सुविधा भी उपलब्ध कराई है। अधिकारियों का मानना है कि यह राशि आगे और बढ़ सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक माध्यमों से ही दान करें।
खुफिया एजेंसियां इस फंड की लगातार निगरानी कर रही हैं। उनका कहना है कि इस तरह जुटाए गए पैसों का दुरुपयोग होने की आशंका रहती है, खासकर जब बीच में बिचौलिये या गैर-पारदर्शी संगठन शामिल हों। पहले भी चैरिटी के नाम पर जुटाए गए फंड के गलत इस्तेमाल के मामले सामने आ चुके हैं।
जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि कुछ धार्मिक संगठनों और नेताओं को विदेश से आर्थिक सहायता मिलती रही है। ऐसे में अधिकारियों का कहना है कि पर्याप्त निगरानी नहीं होने पर इस तरह का फंड राजनीतिक या अन्य गतिविधियों को प्रभावित कर सकता है।
