Kanker Conversion Case: कांकेर में फिर घर वापसी, दो गांवों के 5 परिवारों ने छोड़ा ईसाई धर्म
Kanker Conversion Case: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र में धर्मांतरण को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में है। आमाबेड़ा क्षेत्र के दो गांवों के कुछ परिवारों ने ईसाई धर्म छोड़कर अपने मूल सनातन धर्म में वापसी की है। इस दौरान हिंदू रीति-रिवाज से पूजा-पाठ कर विधिवत घर वापसी कराई गई।
जानकारी के अनुसार, भरीटोला और पुफगांव के कुल 5 परिवारों ने शीतला मंदिर पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान किए और सनातन धर्म को अपनाया। इस मौके पर स्थानीय हिंदू समाज के लोग और समाज प्रमुख भी मौजूद रहे, जिन्होंने इन परिवारों का स्वागत किया।
बताया गया कि ये सभी परिवार पहले आमाबेड़ा क्षेत्र के चिखली गांव के निवासी थे और कुछ समय पहले धर्म परिवर्तन कर ईसाई धर्म अपना लिया था। लंबे समय तक ईसाई धर्म में रहने के बाद इन परिवारों ने पुनः अपने पारंपरिक धर्म में लौटने का निर्णय लिया।
गौरतलब है कि यह पहली घटना नहीं है। दो दिन पहले भी भानुप्रतापपुर क्षेत्र में 19 लोगों ने हिंदू धर्म में घर वापसी की थी, जहां विधिवत पूजा-पाठ के साथ धार्मिक प्रक्रिया पूरी की गई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में धर्मांतरण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है।
