गणतंत्र दिवस पर आत्मसमर्पित नक्सलियों को विशेष अनुभव, परेड देखी और फिल्म ‘बॉर्डर-02’ का लुत्फ उठाया
कांकेर। गणतंत्र दिवस के अवसर पर कांकेर जिला प्रशासन ने समाज से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय और सकारात्मक पहल की है। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के 55 आत्मसमर्पित नक्सलियों को पहली बार गणतंत्र दिवस परेड का दर्शन कराया गया। इसके साथ ही उन्हें सिनेमा सिटी सेंटर मॉल में देशभक्ति फिल्म ‘बॉर्डर-02’ दिखाई गई।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य आत्मसमर्पित नक्सलियों को मुख्यधारा से जोड़ना, उन्हें आधुनिक जीवनशैली से परिचित कराना और समाज में पुनः स्थापित होने के लिए प्रेरित करना है। प्रशासन की इस मानवीय और समावेशी सोच को सभी प्रतिभागियों ने खूब सराहा।

गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में परेड देखने और थिएटर में फिल्म का आनंद लेने के बाद आत्मसमर्पित नक्सलियों में जबरदस्त उत्साह और सकारात्मकता देखने को मिली। उन्होंने इस अनूठी पहल के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग का हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया। साथ ही, भविष्य में समाज के साथ मिलकर शांतिपूर्ण और सम्मानजनक जीवन जीने का संकल्प लिया।
