Big Breaking: शिवपुरी रोड शो के दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महान आर्यमन सिंधिया हुए घायल

शिवपुरी। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पुत्र महान आर्यमन सिंधिया शिवपुरी जिले के कोलारस में आयोजित रोड शो के दौरान घायल हो गए। अचानक ब्रेक लगने के कारण उन्हें सीने में चोट आई, जिसके बाद एहतियातन उन्हें जिला चिकित्सालय शिवपुरी में भर्ती कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोड शो के दौरान वाहन के अचानक रुकने से कार की सनरूफ से महान आर्यमन सिंधिया का सीना टकरा गया, जिससे उन्हें दर्द की शिकायत हुई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उनकी प्राथमिक जांच की और स्थिति को देखते हुए सीटी स्कैन कराया गया। चिकित्सकों के मुताबिक उनकी हालत पूरी तरह स्थिर है। जांच के बाद महान आर्यमन सिंधिया अस्पताल से बाहर आए और मौजूद समर्थकों का अभिवादन किया, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।

सूत्रों के अनुसार, एहतियातन आगे की जांच के लिए उन्हें दिल्ली में परामर्श लेने की सलाह दी गई है। इसके बाद वे कार से रवाना हो गए।

यह घटना ऐसे समय हुई है, जब MPCA अध्यक्ष बनने के बाद महान आर्यमन सिंधिया पहली बार शिवपुरी और गुना अंचल के दौरे पर थे। इस दौरान वे जनसंपर्क, युवा संवाद और खेल गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल थे। रोड शो में बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी के कारण चोट की खबर फैलते ही माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया था।

Youthwings