बच्चा चोरी के शक में लोगों ने महिला को बेदम पीटा, क्या थी सच्चाई?

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पार्वती नगर इलाके में बच्चा चोरी की आशंका को लेकर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्थानीय लोगों ने एक महिला को संदिग्ध मानते हुए पकड़ लिया। यह मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने महिला के साथ जमकर मारपीट की, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, इलाके में घूम रही महिला की गतिविधियों पर कुछ लोगों को शक हुआ। इसी संदेह के चलते भीड़ ने उसे घेर लिया और बच्चा चोरी का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें महिला के साथ भीड़ द्वारा हिंसा किए जाने की तस्वीरें साफ नजर आ रही हैं। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चा चोरी की कोई वास्तविक घटना हुई थी या यह केवल अफवाह थी।

सूचना मिलने पर खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने हालात को नियंत्रित किया और महिला को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला की मंशा क्या थी और बच्चा चोरी की आशंका कितनी सही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर कानून अपने हाथ में न लें और संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Youthwings