लैब टेक्नीशियन की बदसलूकी से भड़के जूनियर डॉक्टर, CIMS में काम बंद हड़ताल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (CIMS) में लैब टेक्नीशशियन की कथित बदसलूकी के विरोध में जूनियर डॉक्टर शनिवार सुबह से काम बंद हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल के चलते अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।

जानकारी के अनुसार, रेडियो विभाग में पदस्थ एक जूनियर डॉक्टर के साथ लैब टेक्नीशियन मनीष कुमार सोनी ने कथित रूप से मारपीट की और थप्पड़ जड़ दिया। घटना के बाद जूनियर डॉक्टरों ने इसकी शिकायत सिम्स प्रबंधन से की, लेकिन आरोप है कि प्रबंधन ने टेक्नीशियन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय उसे मानसिक रूप से अस्वस्थ बताते हुए मामले को दबाने का प्रयास किया।

जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि प्रबंधन दोषी कर्मचारी पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें काम पर लौटने का दबाव बना रहा है, जो पूरी तरह गलत है। इसी विरोध में जूनियर डॉक्टरों ने एकजुट होकर हड़ताल का रास्ता अपनाया है और दोषी के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की है।

डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि जब तक न्यायसंगत कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। मामले ने अब अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Read More: रायपुर में मच्छरों का आतंक: नागरिक पकड़कर निगम पहुंचे, विपक्ष ने घेरा प्रशासन

Youthwings