रायपुर में मच्छरों का आतंक: नागरिक पकड़कर निगम पहुंचे, विपक्ष ने घेरा प्रशासन
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आम नागरिकों की परेशानी अब चरम पर पहुंच गई है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि लोग मच्छर पकड़कर नगर निगम तक शिकायत करने को मजबूर हो गए हैं। जोन क्रमांक-5 के वामन राव लाखे वार्ड, गोपिया पारा क्षेत्र के निवासी और सामाजिक कार्यकर्ता विजय सोना ने एक जीवित मच्छर पकड़कर नगर निगम मुख्यालय में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के माध्यम से स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपा और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जनता बार-बार शिकायत कर रही है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। उन्होंने कहा कि राजधानी में हालात इतने खराब हैं कि लोग डेंगू के डर से खुद मच्छर पकड़कर शिकायत कर रहे हैं। स्वच्छ रायपुर और सुंदर रायपुर के दावों की जमीनी हकीकत सामने आ रही है।
विजय सोना ने बताया कि उनके घर और आसपास के इलाकों में मच्छरों की संख्या बेहद बढ़ गई है। कई बार जोन अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन न फॉगिंग हुई और न ही एंटी-लार्वा का छिड़काव किया गया। उन्होंने दावा किया कि मच्छर के काटने से उनके परिवार के एक सदस्य की मौत भी हो चुकी है, जिससे उनका आक्रोश और पीड़ा दोनों बढ़ गए हैं।
इस मामले पर स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जांच में प्रस्तुत मच्छर सामान्य पाया गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा लगातार डेंगू नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। जहां पिछले वर्ष 68 डेंगू मरीज मिले थे, वहीं इस वर्ष अब तक 18 ही मामले सामने आए हैं, जो नियंत्रण की दिशा में सुधार को दर्शाता है।
हालांकि विपक्ष ने निगम प्रशासन से पूरे शहर में विशेष सफाई अभियान, नियमित फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव की मांग की है, ताकि नागरिकों को मच्छरों के प्रकोप से राहत मिल सके।
