जशपुर में दर्दनाक बस हादसा! गहरी नींद में थे यात्री, अचानक पलट गई बस.. मची चीख-पुकार
कुनकुरी के टांगरपानी में तड़के 3:30 बजे हादसा, 40 से अधिक यात्रियों से भरी बस डायवर्सन में पलटी, एक महिला की हालत गंभीर
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोमवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कुनकुरी थाना क्षेत्र के टांगरपानी के पास रामगढ़ (झारखंड) से कोरबा जा रही ‘जय बाला’ ट्रैवल्स की यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डायवर्सन में पलट गई। हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। उस समय बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश गहरी नींद में थे।
बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हादसे में 10 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए कुनकुरी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में जशपुर निवासी शोभंती भगत (50) और उनकी पुत्री रीमा भगत (23) भी शामिल हैं। इनमें से एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए होली क्रॉस अस्पताल, कुनकुरी रेफर किया गया है। हालांकि उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही होगी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस झारखंड के रामगढ़ से यात्रियों को लेकर कोरबा जा रही थी। दुर्घटना किन कारणों से हुई, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सड़क की स्थिति, डायवर्सन, चालक की लापरवाही और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाकर यातायात भी सामान्य कर दिया गया है।
