Jamnagar Murder Mystery: 2 साल तक बोलती रही- पति ऑस्ट्रेलिया में है, फिर 12 फीट नीचे मिला कंकाल
Jamnagar Murder Mystery: गुजरात के जामनगर में पत्नी ने कथित प्रेमी और साथी के साथ मिलकर पति की हत्या कर शव को 12 फुट गहरे गड्ढे में दफना दिया
Jamnagar Murder Mystery: क्या कोई पत्नी दो साल तक अपने पति के जिंदा होने का झूठ बोल सकती है? गुजरात के जामनगर से सामने आई यह मर्डर मिस्ट्री किसी फिल्म की कहानी से कम नहीं। आखिर कैसे खुला दो साल पुराना राज, क्यों की गई हत्या और 12 फुट नीचे से कैसे मिला कंकाल? पढ़िए पूरी रिपोर्ट।
Jamnagar Murder Mystery**: पत्नी कहती रही- पति ऑस्ट्रेलिया में है, लेकिन 12 फुट नीचे दफन मिला कंकाल
Jamnagar Murder Mystery**:** गुजरात के जामनगर से एक ऐसी सनसनीखेज मर्डर मिस्ट्री सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यह मामला काफी हद तक फिल्म ‘दृश्यम’ की कहानी जैसा बताया जा रहा है। पुलिस ने एक औद्योगिक शेड के कंक्रीट फर्श के नीचे लगभग 12 फुट गहरे गड्ढे से एक व्यक्ति का कंकाल बरामद किया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि मृतक की पत्नी ने अपने कथित प्रेमी और एक अन्य साथी के साथ मिलकर उसकी हत्या की और फिर शव को दफनाकर पूरे मामले को छिपा दिया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी पत्नी पिछले दो वर्षों से अपने ससुराल वालों और रिश्तेदारों को लगातार यही बताती रही कि उसका पति नौकरी के सिलसिले में ऑस्ट्रेलिया गया हुआ है और वहां कंपनी की पाबंदियों के कारण किसी से फोन पर बात नहीं कर सकता।
12 फुट गहरे गड्ढे से मिला कंकाल
जामनगर के दरेड़ GIDC इलाके में स्थित एक औद्योगिक शेड में पुलिस ने खुदाई करवाई। कंक्रीट की लगभग एक फुट मोटी परत को मशीनों से तोड़ने के बाद करीब 12 फुट नीचे से मानव अवशेष बरामद किए गए।
सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) प्रतिभा ने बताया कि कंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि उसकी पहचान की पुष्टि की जा सके। पुलिस ने मृतक की पत्नी पृथ्वी उर्फ भूमिबेन, उसके कथित प्रेमी निलेश कछाटिया और उनके सहयोगी बलवीर वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
दो साल तक परिवार को बोलती रही- पति ऑस्ट्रेलिया में है
पुलिस के अनुसार मृतक जिग्नेश मावडिया ने प्रेम विवाह किया था और वह दो बेटियों का पिता था। करीब दो साल से वह अपने परिवार के संपर्क में नहीं था। इस दौरान उसकी पत्नी लगातार यही कहती रही कि वह ऑस्ट्रेलिया में नौकरी कर रहा है और कंपनी ने फोन पर बातचीत करने की अनुमति नहीं दी है।
मामले का खुलासा तब शुरू हुआ जब जिग्नेश का एक रिश्तेदार खुद ऑस्ट्रेलिया जाने की तैयारी कर रहा था। उसने जिग्नेश का पता और संपर्क नंबर मांगा, लेकिन आरोपी पत्नी कोई जानकारी नहीं दे सकी। लगातार सवाल उठने के बाद परिवार को शक हुआ और उन्होंने पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया।
26 जुलाई को जिग्नेश के भाई ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर संदेह जताया।

शराब में सायनाइड मिलाकर की हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपी पत्नी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की थी। जांच के अनुसार 31 मई 2024 की रात जिग्नेश को शराब पार्टी के बहाने दरेड़ GIDC स्थित शेड में बुलाया गया।
वहीं उसकी शराब में सायनाइड मिलाकर पिला दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने पहले से तैयार किए गए लगभग 12 फुट गहरे गड्ढे में शव को दफनाया, ऊपर मिट्टी डाली और फिर पूरी जगह पर मोटी कंक्रीट की परत बिछा दी, ताकि किसी को शक न हो।
हत्या, साक्ष्य मिटाने समेत कई धाराओं में मामला दर्ज
जिग्नेश के भाई अशोक मावडिया की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य नष्ट करने और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ी जोड़ने, हत्या के पीछे की असली वजह और अन्य संभावित सबूत जुटाने में लगी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
