Jaipur Sms Hospital Fire: जयपुर के SMS अस्पताल में खौफनाक आग, 8 की मौत, 5 की हालत नाज़ुक

Jaipur Sms Hospital Fire

Jaipur Sms Hospital Fire

जयपुर। Jaipur Sms Hospital Fire: राजस्थान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। दूसरी मंज़िल पर बने आईसीयू वार्ड में अचानक आग लग गई। हादसे के वक्त वार्ड में कई मरीज भर्ती थे। आग फैलते ही पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

दमकल विभाग की लगभग एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस, अस्पताल प्रशासन और दमकलकर्मियों ने मिलकर आईसीयू से 11 मरीजों को बाहर निकाला। हालांकि, आग और धुएं की चपेट में आने से 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 की हालत गंभीर बनी हुई है।

मरने वालों की पहचान

  • पिंटू (सीकर)
  • दिलीप (आंधी)
  • श्रीनाथ (भरतपुर)
  • रुक्मणि (भरतपुर)
  • खुशमा (भरतपुर)
  • बहादुर (सांगानेर)
  • दिगंबर (आगरा)
  • सर्वेश (आगरा)

कैसे लगी आग
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी। हालांकि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी। घटना के बाद अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था और फायर सेफ्टी सिस्टम की समीक्षा शुरू कर दी गई है।

आग के वक्त का खौफनाक मंजर
हादसे के चश्मदीद मरीजों के परिजनों ने बताया कि जैसे ही चिंगारी उठी, पूरा आईसीयू धुएं से भर गया। रिश्तेदार पुरण सिंह ने कहा— “मेरे मरीज को बचा नहीं पाया, जैसे ही गैस फैली, गेट बंद कर दिए गए और लोग बाहर भागने लगे।”

नरेंद्र सिंह, जिनकी मां आईसीयू में भर्ती थीं, ने कहा— “जब आग लगी तब मैं नीचे डिनर कर रहा था। वहां आग बुझाने का कोई उपकरण तक नहीं था। प्रशासन की भारी लापरवाही सामने आई है।”

इस दर्दनाक हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था और अस्पताल की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल जांच जारी है।

Youthwings