Ambikapur jail news: अंबिकापुर जेल में नियमों की धज्जियां, कैदी को मिली विशेष सुविधाएं, 2 प्रहरी सस्पेंड

अंबिकापुर। सेंट्रल जेल अंबिकापुर की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। महेंद्रगढ़ जेल से ट्रांसफर होकर आए एक सजायाफ्ता कैदी को जेल के डॉक्टर द्वारा गंभीर बीमारी का प्रमाणपत्र जारी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जेल वार्ड में भर्ती कराया गया।

 

इसी मेडिकल सर्टिफिकेट के आधार पर जेल अधीक्षक ने कैदी के परिजनों को अटेंडेंट के रूप में स्थायी रूप से उसके साथ रहने और आने-जाने की अनुमति दे दी। इसके बाद परिजन जेल वार्ड में मनमर्जी से सुविधाएं उपलब्ध कराते नजर आए।

 

जानकारी के अनुसार, परिजन मोबाइल फोन लेकर जेल वार्ड में प्रवेश कर रहे थे और कैदी को घर का खाना व मिनरल वाटर जैसी सुविधाएं भी दी जा रही थीं, जो नियमों के खिलाफ है।

 

मामले की शिकायत मिलने पर जेल सुपरिटेंडेंट अक्षय सिंह राजपूत ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जेल वार्ड का निरीक्षण किया। जांच के दौरान वार्ड का ताला खुला मिला और नियमों का उल्लंघन सामने आया।

 

कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर तैनात दो जेल प्रहरी जयप्रकाश कुजूर और लोकनाथ निषाद को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही कैदी के परिजनों को अटेंडेंट के रूप में दी गई अनुमति भी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई है।

Youthwings