IPL 2026: रायपुर में सजेगा सितारों का मेला! विराट कोहली दिखाएंगे दम, शाहरुख खान के भी आने की उम्मीद

IPL 2026: रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम एक बार फिर आईपीएल के शोर से गूंजने वाला है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपने दो घरेलू मैच रायपुर में खेलने का फैसला किया है। शेड्यूल के अनुसार:

  • 10 मई 2026: RCB बनाम मुंबई इंडियंस (MI)
  • 13 मई 2026: RCB बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)

वादा निभाने रायपुर आ रही है RCB

दिलचस्प बात यह है कि जून 2025 में बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई एक दुखद भगदड़ के बाद वहां मैच होने पर अनिश्चितता थी। उस वक्त RCB ने छत्तीसगढ़ सरकार और क्रिकेट संघ से रायपुर में खेलने का वादा किया था। हालांकि बाद में चिन्नास्वामी को मंजूरी मिल गई, लेकिन RCB के CEO राजेश मेनन ने अपना वादा निभाते हुए दो मैच रायपुर को देने का निर्णय लिया।

विराट की पारी और शाहरुख का जलवा

रायपुर के मैदान पर न केवल विराट कोहली अपना जलवा बिखेरेंगे, बल्कि मुंबई इंडियंस के साथ होने वाले मैच में रोहित शर्मा, सूर्या कुमार यादव और हार्दिक पांड्या जैसे दिग्गज भी नजर आएंगे। वहीं, 13 मई को KKR के साथ होने वाले मुकाबले के दौरान टीम के मालिक शाहरुख खान के भी रायपुर आने की प्रबल संभावना है।

स्टेडियम में सुविधाओं का विस्तार और सुरक्षा पर जोर

मैचों की संवेदनशीलता और विराट कोहली की लोकप्रियता को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।

सीटिंग अरेंजमेंट: गोल्ड, प्लैटिनम और वीआईपी सीटों की संख्या बढ़ाई जा रही है।

सुरक्षा: बेंगलुरु की घटना से सबक लेते हुए भगदड़ जैसी स्थिति रोकने के लिए विशेष प्रोटोकॉल तैयार किए गए हैं।

निरीक्षण: जल्द ही RCB की मैनेजमेंट टीम रायपुर आकर तैयारियों का अंतिम जायजा लेगी।

बता दें कि इससे पहले 2016 में रायपुर में आखिरी बार आईपीएल मैच खेले गए थे, तब यह दिल्ली डेयरडेविल्स का होम वेन्यू था।

Youthwings