IndiGo Flight Bomb Threat: इंडिगो फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, मुंबई में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

New Flight Delhi-Raipur-Delhi

New Flight Delhi-Raipur-Delhi

IndiGo Flight Bomb Threat: इंडिगो की जेद्दाह से हैदराबाद आ रही फ्लाइट में शनिवार सुबह बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विमान को मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग के लिए डायवर्ट किया। राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान विमान में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और सभी यात्री सुरक्षित रहे।

जानकारी के मुताबिक, यह इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E068 थी, जो एयरबस A320 नियो विमान था। सुबह 7:32 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को बम की धमकी की सूचना मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड और सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत अलर्ट पर रखा गया। निर्धारित समय 8:07 बजे की बजाय विमान को 8:17 बजे मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया गया। पूरी सुरक्षा जांच के बाद रात करीब 12 बजे तक सभी जांच टीमों को वापस बुला लिया गया।

इंडिगो की प्रतिक्रिया

इंडिगो एयरलाइंस के प्रवक्ता ने बयान जारी करते हुए कहा—

“1 नवंबर 2025 को जेद्दाह से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट 6E 68 को सुरक्षा संबंधी खतरा मिलने पर मुंबई डायवर्ट किया गया। हमने संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित किया और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए आवश्यक जांच कराई। यात्रियों की असुविधा को कम करने के लिए उन्हें जलपान और नियमित अपडेट दिए गए। यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

हैदराबाद एयरपोर्ट को मिला धमकी भरा मेल

बताया जा रहा है कि सुबह 5:25 बजे हैदराबाद एयरपोर्ट को एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें कहा गया था कि इंडिगो फ्लाइट में ISI और LTTE के ऑपरेटिव्स मौजूद हैं। मेल में दावा किया गया कि विमान के फ्यूल टैंक में माइक्रो बॉट के जरिए बम लगाए गए हैं, जिससे “मद्रास एयरपोर्ट ब्लास्ट” जैसी वारदात दोहराने की साजिश रची जा रही है।

यह धमकी ‘पपिता रंजन’ नामक ईमेल आईडी से भेजी गई थी। जांच में यह मेल फर्जी पाया गया और विमान में किसी भी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध सामान नहीं मिला। अब सुरक्षा एजेंसियां उस ईमेल आईडी के स्रोत और व्यक्ति की पहचान में जुट गई हैं जिसने यह अफवाह फैलाई।

घटना के बाद इंडिगो और एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है, जबकि यात्रियों ने एयरलाइंस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

Youthwings