होर्मुज में ईरानी मिसाइल हमले से भारतीय नाविक की मौत, 6 भारतीय घायल, UAE ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी

Indian sailor killed Iran missile attack

यूएई के दो ऑयल टैंकरों पर हमले में एक भारतीय नागरिक शहीद, छह भारतीय घायल, भारत ने ईरानी राजनयिक को किया तलब

 

 

 

तेहरान/अबू धाबी। अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते सैन्य संघर्ष के बीच एक और भारतीय नाविक की जान चली गई है। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास यूएई के दो ऑयल टैंकरों पर मिसाइल हमला किया, जिसमें एक भारतीय नाविक की मौत हो गई और छह भारतीयों समेत आठ लोग घायल हो गए ।

 

क्या है पूरा मामला?

यूएई रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ईरानी क्रूज मिसाइलों ने ओमान के क्षेत्रीय जलक्षेत्र में होर्मुज के दक्षिणी मार्ग से गुजर रहे यूएई के तेल टैंकरों ‘मोम्बासा’ और ‘अल बहिया’ को निशाना बनाया । हमले में ‘मोम्बासा’ टैंकर पर तैनात एक भारतीय नाविक की मौत हो गई ।

 

घायलों में छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं । चार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है । हमले में दोनों टैंकरों को क्षति पहुंची और उनमें आग लग गई, जिसे बाद में नियंत्रित कर लिया गया ।

 

ईरान का बचाव और UAE का विरोध

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि टैंकरों ने चेतावनियों को नजरअंदाज किया, नेविगेशन सिस्टम बंद कर दिए और खदान मार्ग से गुजरने का प्रयास किया ।

 

यूएई ने इस “स्पष्ट हमले” की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का “गंभीर उल्लंघन” करार दिया । यूएई रक्षा मंत्रालय ने चेतावनी दी कि वह “इस वृद्धि का जवाब देने और अपने क्षेत्र, नागरिकों और निवासियों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक उपाय करने का पूरा अधिकार सुरक्षित रखता है” ।

 

भारत की प्रतिक्रिया

इस घटना के बाद भारत सरकार ने ईरान के उप राजदूत मोहम्मद जवाद हुसैनी को विदेश मंत्रालय में तलब किया । यूएई स्थित भारतीय दूतावास ने “दुखद क्षति” पर शोक व्यक्त करते हुए घायलों को सहायता पहुंचाने की बात कही ।

 

गौरतलब है कि अमेरिकी-ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक कम से कम 14 भारतीय इस संघर्ष में जान गंवा चुके हैं ।

 

 

Read more- 

अमेरिका-ईरान जंग ने लिया खतरनाक मोड़! UAE के ऑयल टैंकरों पर हमला, भारतीय नाविक की मौत

 

 

Youthwings