लंच के बाद विपक्ष का बड़ा फैसला: जंतर-मंतर कूच करेंगे INDIA ब्लॉक के सांसद, राहुल गांधी बोले- CEC दें इस्तीफा
नई दिल्ली। संसद मार्ग पर चुनाव आयोग के खिलाफ दिनभर चले हंगामे और हिरासत के बाद विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (INDIA) ने अपनी रणनीति बदल ली है। कांग्रेस अध्यक्ष व राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिल्ली के जनपथ स्थित मशहूर ‘सागर रत्ना’ रेस्टोरेंट में इंडिया ब्लॉक के सांसदों के साथ एक अहम बैठक और लंच किया। इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई विपक्षी दलों के सांसद शामिल हुए। लंच के बाद विपक्ष ने ऐलान किया कि चुनाव आयोग के खिलाफ उनका आंदोलन थमा नहीं है और अब सभी सांसद तय प्रदर्शन स्थल ‘जंतर-मंतर’ पर जाकर एक साथ विरोध दर्ज कराएंगे।
‘चुनाव आयोग ले रहा गलत फैसले, संविधान की अनदेखी बर्दाश्त नहीं’
बैठक के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का यह आंदोलन निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग द्वारा लगातार पक्षपाती और गलत फैसले लिए जा रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जरिए लोकतांत्रिक संस्थाओं को प्रभावित किया जा रहा है। खरगे ने कहा कि इन कदमों से देश के लोकतंत्र पर सीधा आघात हो रहा है और संविधान की मूल भावना की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने साफ किया कि विपक्ष का मुख्य उद्देश्य जनता की आवाज को मुखर करना और उसे देश के कोने-कोने तक पहुंचाना है।
राहुल गांधी का हमला: ‘CEC दें इस्तीफा, हर FIR मेरे लिए मेडल’
लंच के बाद मीडिया से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा कि करीब 300 विपक्षी सांसद सीधे मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलकर देश की बात रखना चाहते थे, लेकिन उन्हें वहां जाने और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जताने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि अब हम जंतर-मंतर जाएंगे, जो प्रदर्शन के लिए आधिकारिक रूप से निर्धारित जगह है, और वहां मिलकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।” राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि वे उन्हें देश का वैध चुनाव आयुक्त नहीं मानते और उन्हें अपने पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। मार्च के दौरान दर्ज मुकदमों के सवाल पर राहुल गांधी ने बेबाकी से कहा, “मेरे खिलाफ पहले से 45 एफआईआर दर्ज हैं और मेरा लक्ष्य 100 पूरा करने का है। लोकतंत्र की रक्षा के लिए दर्ज होने वाली हर एफआईआर मेरे लिए एक मेडल जैसी है।
एक ही बस में सवार होकर जंतर-मंतर रवाना हुए सांसद
बैठक खत्म होने के बाद सभी विपक्षी सांसद एक साथ बस में सवार होकर जंतर-मंतर के लिए निकले। कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि चाहे उन पर हजारों एफआईआर दर्ज करा दी जाएं, विपक्ष डरने वाला नहीं है। उन्हें इस बात का गर्व है कि वे देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए सड़क पर लड़ रहे हैं। वहीं कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि लोकतंत्र बचाने की यह लड़ाई अडिग रहेगी और मुकदमों से विपक्ष की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। सांसद शफी परंबिल ने भी दोहराया कि चुनाव आयोग की मनमानी के खिलाफ यह प्रदर्शन और तेज होगा।
