भगवान की मूर्ति से अभद्रता: 4 आरोपी गिरफ्तार, बजरंग दल और विहिप ने की सख्त कार्रवाई की मांग

कांकेर: जिले के ईशान वन से एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें चार युवकों ने नशे की हालत में भगवान राम और हनुमान की मूर्तियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। मामले में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने फरसगांव थाने में ज्ञापन सौंपकर आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।

वीडियो वायरल, धार्मिक भावनाएं आहत

वायरल वीडियो नाथिया नवागांव के पास स्थित ईशान वन का है, जहां चार युवक नशे की हालत में भगवान राम और हनुमान की मूर्तियों पर थप्पड़ मारते और अभद्रता करते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो उन्होंने खुद ही रिकॉर्ड किया था, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। लोगों का कहना है कि यह हिंदू आस्था पर सीधा हमला है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार

वीडियो सामने आने के बाद फरसगांव थाना क्षेत्र के आलोर गांव से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी को कांकेर ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया गया है कि आरोपी कोंडागांव जिले से ईशान वन पहुंचे थे।

हिंदू संगठनों की नाराज़गी और ज्ञापन सौंपा गया

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने घटना को हिंदू धर्म की आस्था पर हमला करार देते हुए थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोपियों पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि आरोपियों को सजा नहीं मिली, तो बड़ा आंदोलन हो सकता है।

पुलिस का डर खत्म, बढ़ता नशा

हाल ही में कांकेर शहर में पुलिस ने नशे के खिलाफ सख्त मुहिम चलाई थी, लेकिन इसके बावजूद कुछ युवाओं में कानून का डर नहीं दिखता। यह घटना दर्शाती है कि नशा और धर्म का अपमान मिलकर समाज में अशांति फैला सकते हैं।

Youthwings