IGKV में फिर प्रश्नपत्र लीक का मामला: परीक्षा से 5 घंटे पहले WhatsApp पर वायरल हुआ जेनेटिक्स पेपर

IGKV

रायपुर: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में प्रश्नपत्र लीक का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब बीएससी कृषि प्रथम वर्ष के द्वितीय सेमेस्टर की जेनेटिक्स परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से करीब पांच घंटे पहले ही WhatsApp पर वायरल होने का मामला सामने आया है। 19 अगस्त को सुबह 9:30 बजे होने वाली परीक्षा का पेपर कथित तौर पर सुबह करीब 4 बजे ही WhatsApp ग्रुप्स में पहुंच गया था।

इससे पहले विश्वविद्यालय में कीट विज्ञान (Entomology) और प्लांट पैथोलॉजी के प्रश्नपत्र लीक होने के मामले सामने आ चुके हैं। दोनों परीक्षाओं के प्रश्नपत्र निरस्त किए जा चुके हैं। जेनेटिक्स के पेपर को लेकर फिलहाल विश्वविद्यालय ने निरस्तीकरण का आदेश जारी नहीं किया है, लेकिन मामले की सूचना तेलीबांधा थाने को दे दी गई है।

प्रश्नपत्र के लिफाफे से छेड़छाड़ का शक

मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन ने आंतरिक जांच के लिए 5 सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति ने भारतीय कृषि महाविद्यालय को भेजे गए प्रश्नपत्र के लिफाफे की जांच की, जिसे बाद में विश्वविद्यालय को वापस प्राप्त किया गया था। विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार, शुरुआती जांच में लिफाफे में छेड़छाड़ के संकेत मिले हैं। यह छेड़छाड़ पूर्व में सामने आए पेपर लीक मामले में पुलिस की जांच के दौरान मिले पैटर्न से मिलती-जुलती बताई जा रही है।

READ MORE: नेपाल में बाढ़ से भीषण तबाही! 160 की मौत, 844 से ज्यादा लापता; 11 हाइड्रो प्लांट, 19 पुल और 40 KM सड़कें तबाह

PDF में वायरल हुआ था पूरा प्रश्नपत्र

वायरल प्रश्नपत्र PDF फॉर्मेट में था। जांच के दौरान सामने आया कि PDF में मौजूद अधिकांश सवाल परीक्षा में पूछे गए सवालों से मेल खाते थे। इसमें सिर्फ कम अंकों वाले प्रश्न ही नहीं, बल्कि 6 अंकों वाले दीर्घ उत्तरीय प्रश्न भी शामिल थे। वायरल PDF में प्रश्नपत्र के पार्ट-A, पार्ट-B और पार्ट-C के सवाल मौजूद थे। इसमें लिंकज, सेल साइकिल, ट्रांसक्रिप्शन, मल्टीपल एलील्स, डबल हैप्लायड, प्लियोट्रॉपी, यूकैरियोटिक क्रोमोसोम, एपिस्टेसिस, जीन इंटरैक्शन, मेंडल के नियम और म्यूटेशन जैसे विषयों से जुड़े प्रश्न शामिल बताए जा रहे हैं। सबसे गंभीर बात यह है कि PDF में कुछ प्रश्नों के उत्तर भी मौजूद होने की जानकारी सामने आई है। इससे परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर सवाल और गहरे हो गए हैं।

दुर्ग के कॉलेज से पेपर लीक होने की आशंका

शुरुआती जांच में जेनेटिक्स का प्रश्नपत्र भी पूर्व में सामने आए मामलों की तरह दुर्ग स्थित भारतीय कृषि महाविद्यालय से लीक होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। विश्वविद्यालय प्रबंधन और पुलिस दोनों स्तर पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

जेनेटिक्स परीक्षा रद्द होने की संभावना

सूत्रों के मुताबिक, विश्वविद्यालय में इस मामले को लेकर आपात बैठक भी बुलाई गई। जेनेटिक्स के प्रश्नपत्र को भी निरस्त किए जाने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक आदेश कार्यालयीन दिवस में जारी होने की संभावना है। लगातार सामने आ रहे प्रश्नपत्र लीक के मामलों ने IGKV की परीक्षा व्यवस्था और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले किस स्तर पर और कैसे बाहर पहुंचा।

Youthwings