ठाकुर देव मंदिर में मूर्ति से छेड़छाड़, अज्ञात व्यक्ति ने की खंडित कर फेंक दी

कांकेर। कबीरधाम जिले के पंडातराई थाना क्षेत्र अंतर्गत अंधियारखोर गांव में धार्मिक स्थल से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। गांव स्थित ठाकुर देव मंदिर की मूर्ति को अज्ञात व्यक्ति ने निकालकर दूर फेंक दिया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। फिलहाल घटना के पीछे किसका हाथ है, इसका खुलासा नहीं हो सका है।

पुलिस की कार्रवाई

मामले की सूचना मिलते ही पंडातराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। एडिशनल एसपी पुष्पेंद्र बघेल ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। स्थिति को देखते हुए गांव और आसपास के इलाके में पुलिस सतर्कता बरत रही है।

ग्रामीणों का रोष

बताया जा रहा है कि असामाजिक तत्वों ने ठाकुर देव मंदिर की मूर्ति को खंडित कर फेंक दिया है। इस घटना से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय लोग इसे धार्मिक भावनाओं पर हमला बता रहे हैं और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Youthwings