“मैंने अपने परिवार के लिए नहीं, बिहार के लिए किया काम, एनडीए को दें एक और मौका”- नीतीश कुमार

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण से ठीक पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यवासियों के नाम एक भावनात्मक संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य कभी अपने परिवार या निजी हितों के लिए काम करना नहीं रहा, बल्कि उन्होंने हमेशा बिहार और बिहारी जनता के विकास को ही अपनी प्राथमिकता बनाया है।

“राज्य के विकास के लिए दिन-रात किया काम”
नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार की जनता ने उन पर जो भरोसा जताया, उसका उन्होंने सदैव सम्मान किया है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने राज्य की बागडोर संभाली थी, तब “बिहारी होना अपमान का विषय माना जाता था”, लेकिन आज यह गर्व की पहचान बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल, कृषि और युवाओं के रोजगार जैसे क्षेत्रों में उनकी सरकार ने व्यापक सुधार किए हैं, जिससे बिहार ने नई पहचान हासिल की है।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष जोर
नीतीश कुमार ने बताया कि उनकी सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें महिलाओं के लिए ठोस कार्य नहीं कर पाईं, लेकिन उनकी सरकार ने आरक्षण, रोजगार और सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास केवल किसी एक वर्ग या समुदाय के लिए नहीं, बल्कि सभी जातियों और धर्मों — हिंदू, मुस्लिम, पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित और महादलित — के लिए समान रूप से किया गया है।

“अब बिहारी होना गर्व की बात है”
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बिहार तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और “अब बिहारी होना गर्व की बात है।” उन्होंने केंद्र सरकार, विशेषकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि एनडीए की दोनों सरकारों ने मिलकर राज्य की विकास गति को और मज़बूत किया है।
उन्होंने जनता से अपील की कि वे एनडीए उम्मीदवारों को भारी बहुमत से विजयी बनाएं, ताकि बिहार देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो सके।

मतदान के लिए की अपील
नीतीश कुमार ने सभी मतदाताओं से 6 और 11 नवंबर को मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता की भागीदारी ही लोकतंत्र और विकास की सबसे बड़ी शक्ति है।

Youthwings