पति ने की पत्नी की हत्या, शव को छुपाने में चाचा की मदद.. वारदात के बाद रेप का केस बताने निर्वस्त्र कर झाड़ियों में फेंका 

दंतेवाड़ा। जिले के ग्राम कुंदेली में 2 अक्टूबर 2025 को मिले महिला के निर्वस्त्र शव की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है। पुलिस ने खुलासा किया कि मृतका रीना रयामी (उम्र लगभग 25 वर्ष) की हत्या उसके पति राजेश रयामी ने ही की थी। वारदात को छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने अपने चाचा रमेश रयामी की मदद ली थी। दोनों ने मिलकर शव को निर्वस्त्र कर झाड़ियों में फेंक दिया था ताकि रेप के बाद हत्या का भ्रम पैदा हो।

पुलिस ने रविवार 9 नवंबर को राजेश रयामी (27 वर्ष) और रमेश रयामी (36 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों ग्राम कुंदेली (रयामी पारा) के निवासी हैं।

एक महीने की मेहनत रंग लाई

एसपी गौरव राय, एएसपी उदित पुष्कर व रामकुमार बर्मन के निर्देश पर एसडीओपी कपिल चंद्रा के नेतृत्व में थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार साहू और सायबर सेल की टीम ने लगातार एक महीने तक जांच की। सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, हजारों मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया । कुंदेली, भांसी मासापारा, बड़े कमेली, धुरली, गमावाड़ा सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों लोगों से पूछताछ की

तकनीकी सबूतों से पता चला कि 2 अक्टूबर की शाम रीना अपने घर पहुंच चुकी थी। जब पति राजेश से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने कबूल लिया कि रात करीब 8 बजे घर में झगड़े के दौरान उसने पत्नी का गला घोंटकर हत्या कर दी।

ऐसे रची गई साजिश

राजेश ने बताया कि सबूत मिटाने के लिए उसने चाचा रमेश की मदद से शव, कपड़े, थैला और मोबाइल को अपनी बाइक पर लादकर ओटेर खेत के पास ले गया। वहां रीना को निर्वस्त्र कर दिया और मोबाइल को फ्लाइट मोड में डालकर सारी चीजें झाड़ियों में फेंक दीं, ताकि लगे कि भांसी मासापारा मंदिर से लौटते वक्त किसी ने रेप कर हत्या की है।

पुलिस ने मुख्य अपराध स्थल (राजेश का घर) का निरीक्षण किया, क्राइम सीन रीक्रिएट किया, बाइक, कपड़े और अन्य सामान जब्त किए। दोनों आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 302, 201 व 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

Youthwings