दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार पिकअप दुर्गा मंदिर में घुसी, गार्ड गंभीर रूप से घायल
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब मुख्य मार्ग पर स्थित दुर्गा चौक में एक तेज रफ्तार और ओवरलोड पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर दुर्गा मंदिर में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मंदिर की दीवार और गेट टूट गया। इस हादसे में ड्यूटी पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड का पैर टूट गया, जबकि पिकअप में सवार अन्य लोग भी घायल हो गए।
गंभीर हालत में गार्ड बिलासपुर रेफर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप में तेंदूपत्ता लोड था और वह भारी भार के कारण असंतुलित हो गया। हादसे के बाद लहूलुहान हालत में घायल गार्ड को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बिलासपुर रेफर कर दिया।
पुलिस मौके पर, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वाहन चालक की लापरवाही और ओवरलोडिंग को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश, यातायात प्रभारी को हटाने की मांग
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि शहर के भीतर लगातार हो रहे हादसे यातायात व्यवस्था की लचर स्थिति को दर्शाते हैं। लोगों ने एक बार फिर यातायात प्रभारी को हटाने की मांग तेज कर दी है। उनका कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद भी कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे सड़क सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
