बाथरूम में फंदे पर झूली नवविवाहिता, 102 दिन बाद तोड़ा दम; क्या शादी के 72 घंटे में ही टूट गई थी आस?
ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। शादी के महज 3 दिन बाद ससुराल के बाथरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटकी नवविवाहिता ने 102 दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आखिरकार अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से ही मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
25 अप्रैल को हुई थी शादी, 28 को उठा खौफनाक कदम
जानकारी के मुताबिक भिंड जिले के गोहद क्षेत्र की रहने वाली सपना गुर्जर की शादी 25 अप्रैल को ग्वालियर के लक्ष्मणगढ़ निवासी सौरभ गुर्जर के साथ बड़ी धूमधाम से हुई थी। शादी की खुशियां अभी खत्म भी नहीं हुई थीं कि महज 3 दिन बाद यानी 28 अप्रैल को सपना ससुराल के बाथरूम में फांसी के फंदे से लटकी मिली।
ससुराल वालों का दावा है कि उन्होंने तुरंत फंदा काटकर सपना को नीचे उतारा और गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। तब से सपना का अस्पताल में लगातार इलाज चल रहा था। 102 दिनों तक वेंटिलेटर और डॉक्टरों की देखरेख में रहने के बाद भी उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मायके पक्ष का आरोप: ‘यह खुदकुशी नहीं, हत्या है’
सपना की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना और हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि सपना के शरीर पर चोट के कई निशान थे, जो इस बात की ओर इशारा करते हैं कि उसके साथ मारपीट की गई थी। मायके वालों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटेगी असली वजह
घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है।
मामले में पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डॉक्टरों की राय आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों के बयानों और रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
