मांजलपुर उपचुनाव में BJP की बड़ी जीत, सतेंद्रभाई पटेल ने 30 हजार से ज्यादा वोटों से कांग्रेस को हराया
वडोदरा। गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर अपनी राजनीतिक मजबूती साबित कर दी है। बीजेपी उम्मीदवार सतेंद्रभाई पटेल ने कांग्रेस प्रत्याशी भीखाभाई रबारी को 30,499 से अधिक वोटों के अंतर से हराकर सीट बरकरार रखी। इस नतीजे के साथ मांजलपुर में बीजेपी की लगातार चौथी जीत दर्ज हुई।
19 राउंड तक कायम रही बीजेपी की बढ़त
सोमवार सुबह शुरू हुई मतगणना में पहले राउंड से ही बीजेपी ने बढ़त बना ली थी। मतगणना के सभी 19 चरणों में सतेंद्रभाई पटेल लगातार आगे रहे। अंतिम परिणाम में उन्हें 55,084 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार 24,585 वोट ही हासिल कर सके। NOTA के पक्ष में 2,223 मतदाताओं ने मतदान किया।
कम मतदान के बावजूद बीजेपी का प्रदर्शन मजबूत
30 जुलाई को हुए मतदान में केवल 37.5 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी। कम मतदान को लेकर राजनीतिक हलकों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन परिणाम ने साफ कर दिया कि कम मतदान का नुकसान बीजेपी को नहीं हुआ। पार्टी ने आरामदायक अंतर से जीत दर्ज करते हुए अपना गढ़ सुरक्षित रखा।
read more : हड़ताल पर पटवारी: पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने और वेतन गड़बड़ियां दूर करने की मांग
कांग्रेस ने हार के बाद उठाए चुनावी प्रक्रिया पर सवाल
हार के बाद कांग्रेस नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए। पार्टी का आरोप है कि मतदान के दौरान की गई शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि कांग्रेस ने यह भी दावा किया कि पिछली बार की तुलना में उसके वोटों में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन वह जीत में तब्दील नहीं हो सकी।
योगेश पटेल के निधन के बाद हुआ था चुनाव
यह उपचुनाव बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक योगेश पटेल के निधन के कारण कराया गया था। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने रिकॉर्ड अंतर से जीत दर्ज की थी। 2012 और 2017 में भी मांजलपुर सीट बीजेपी के खाते में गई थी। ताजा नतीजे ने एक बार फिर इस सीट पर पार्टी की मजबूत पकड़ को साबित कर दिया।
