लग्जरी इनोवा में ‘प्रेस’ लिखकर GOA शराब की तस्करी, आबकारी विभाग ने 15 पेटी शराब की जब्त

अंबिकापुर। जिले में शराब तस्करी का एक नया मामला सामने आया है, जहां तस्कर लग्जरी इनोवा कार पर ‘प्रेस’ लिखकर मध्यप्रदेश से GOA ब्रांड की शराब की तस्करी कर रहे थे। आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए 15 पेटी शराब जब्त की है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।

आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद आबकारी इंस्पेक्टर अनिल गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने दरिमा नवानगर क्षेत्र के ग्राम अडची में घेराबंदी कर इनोवा कार को रोका। तलाशी के दौरान कार से मध्यप्रदेश में निर्मित 15 पेटी GOA शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है।

मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान लड्डू सिंह के रूप में हुई है, जो पहले सरकारी शराब दुकान में कार्यरत था। नौकरी से हटाए जाने के बाद वह शराब तस्करी के धंधे में शामिल हो गया। आबकारी विभाग ने शराब के साथ-साथ लग्जरी इनोवा कार को भी जब्त कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Youthwings