GGU Student Missing News Update: तीन दिन बाद मिला GGU का लापता छात्र, जानिए इतने दिन से कहां था युवक

GGU Student Missing News Update: बिलासपुर से बड़ी खबर सामने आई है। सेंट्रल यूनिवर्सिटी का लापता छात्र राहुल यादव आखिरकार सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। राहुल यादव 18 दिसंबर से लापता था, जिसके बाद परिजनों ने कोनी थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही थी। यूनिवर्सिटी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, साथ ही छात्र के संभावित ठिकानों पर भी तलाशी ली गई। जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि राहुल यादव को उसलापुर क्षेत्र में देखा गया था।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि राहुल यादव वृंदावन जाने की इच्छा जाहिर कर रहा था। वह दिव्यांग (हैंडीकैप्ड) है और परिवार वाले उसे वहां ले जाने के लिए तैयार नहीं थे। इसी कारण वह बिना बताए घर से निकल गया। बताया जा रहा है कि राहुल ने अपने बैंक खाते से कुछ पैसे निकाले और ट्रेन के माध्यम से वृंदावन पहुंच गया।

जैसे ही पुलिस को उसके वृंदावन में होने की जानकारी मिली, कोनी थाना पुलिस ने यूपी पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर उसे बरामद कर लिया। इसके बाद छात्र को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। फिलहाल राहुल यादव पूरी तरह सुरक्षित है।

गौरतलब है कि हाल ही में सेंट्रल यूनिवर्सिटी में एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी, जिसके चलते यह मामला बेहद संवेदनशील हो गया था। ऐसे में छात्र की सकुशल बरामदगी से पुलिस, परिजन और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

Youthwings