रायपुर में गणेशोत्सव को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन, 19 रूट पर भारी वाहनों की एंट्री बंद; 27 सितंबर तक नियम लागू

Ganeshotsav Traffic Diversion

रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेशोत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नया प्लान लागू किया है। गणेश प्रतिमाओं की झांकियों और विसर्जन के दौरान भीड़ को देखते हुए शहर के 19 प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। यह व्यवस्था 27 सितंबर तक प्रभावी रहेगी।

झांकी और विसर्जन के दौरान नहीं आएंगे भारी वाहन

गणेशोत्सव के दौरान शहर के अलग-अलग हिस्सों से गणेश झांकियां निकलती हैं। इसके अलावा विसर्जन के दौरान भी बड़ी संख्या में लोग और वाहन सड़कों पर पहुंचते हैं। ऐसे में यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए भारी वाहनों के रूट में बदलाव किया गया है।

ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित रास्तों पर जाने से बचें और निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें।

कहां-कहां रहेगी भारी वाहनों की नो-एंट्री?

रायपुर में जिन 19 मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है, उनमें तेलीबांधा थाना चौक, केनाल रोड प्रवेश मार्ग, महावीर नगर चौक, राजेंद्र नगर चौक और पचपेड़ीनाका शामिल हैं। इसके अलावा संतोषीनगर, भाठागांव, कुशालपुर, रायपुरा, डीडी नगर, अरिहंत नगर और टाटीबंध चौक के रास्तों पर भी भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। प्रतिबंधित मार्गों की सूची में हीरापुर टर्निंग, गोगांव तिराहा, गोंदवारा तिराहा, पाटीदार भवन के सामने तक भनपुरी और विधानसभा रोड व्हीआईपी तिराहा भी शामिल हैं। इसके साथ ही एक्सप्रेस-वे ब्रिज के नीचे रिंग रोड-1 से आने वाला मार्ग और कचना रेलवे क्रॉसिंग पर भी भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

read more: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में 20 निष्कासित नेताओं की वापसी, 36 ने किया था आवेदन; अमित जोगी समेत 16 पर फैसला बाकी

27 सितंबर तक लागू रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था

ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी व्यवस्था के तहत यह प्रतिबंध 27 सितंबर 2026 तक लागू रहेगा। इस दौरान भारी वाहन चालकों को पुलिस द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि गणेशोत्सव के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और प्रतिबंधित रास्तों पर भारी वाहन लेकर न जाएं। इससे झांकियों और विसर्जन के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।

Youthwings