छत्तीसगढ़ में घने कोहरे का कहर… सरगुजा और बिलासपुर संभाग में अलर्ट, तापमान में बढ़ोतरी के आसार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की सर्दी के साथ घने कोहरे का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया है, जिससे सुबह के समय दृश्यता कम रहने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। उत्तरी छत्तीसगढ़ विशेषकर सरगुजा संभाग में कोहरे का प्रकोप अधिक रहेगा, जबकि तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी से ठंड से हल्की राहत मिल सकती है।
घना कोहरा अलर्ट: इन जिलों में सावधानी बरतें
मौसम विभाग के अनुसार, 22 और 23 दिसंबर को सरगुजा संभाग के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है। वहीं बिलासपुर संभाग के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरबा, रायगढ़, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और मुंगेली जिलों में मध्यम से घना कोहरा रहने की संभावना है। कोहरे के कारण वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
तापमान में बदलाव
अगले 3 दिनों में उत्तरी छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। मध्य और दक्षिणी क्षेत्रों में कोई बड़ा बदलाव नहीं, लेकिन उसके बाद हल्की बढ़ोतरी के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि अगले तीन दिनों तक हल्के उतार-चढ़ाव के साथ न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। सरगुजा क्षेत्र में ठंड का प्रकोप सबसे अधिक बना हुआ है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में 22 दिसंबर को कुहासा रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह हल्का कोहरा छा सकता है, लेकिन दिन में मौसम साफ रहेगा।
मौसम विभाग ने लोगों से ठंड और कोहरे से बचाव के उपाय करने की अपील की है। वाहन चालकों को फॉग लाइट का उपयोग करने और धीमी गति से चलने की सलाह दी गई है।
