सरकारी राशन दुकानों में शक्कर घोटाला: 166 दुकानें निलंबित, 153 निरस्त, 22 पर एफआईआर
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी राशन दुकानों में शक्कर वितरण के दौरान बड़े पैमाने पर हुई अनियमितताओं के मामले में खाद्य विभाग की कार्रवाई जारी है। वर्ष 2021 से 2023 के बीच की गई जांच में गड़बड़ियां सामने आने पर 166 उचित मूल्य दुकानों को निलंबित कर दिया गया, जबकि 153 दुकानों का अनुज्ञा पत्र पूरी तरह निरस्त कर दिया गया है। इसके अलावा, 22 दुकानदारों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है।
खाद्य विभाग के अनुसार, अब तक 87 प्रतिशत वसूली पूरी हो चुकी है। जांच में सामने आया कि इस अवधि में उचित मूल्य दुकानों से 115 करोड़ रुपये मूल्य की करीब 41,210 क्विंटल शक्कर गायब हो गई थी। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि इस संबंध में जनता से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई थी।
सितंबर 2022 में की गई जांच में बचत स्टॉक में 15,280 क्विंटल शक्कर की कमी पाई गई थी, जिसका अनुमानित मूल्य 5.49 करोड़ रुपये है। विभाग ने बताया कि सभी दोषी दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में ऐसी अनियमितताओं को रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
