मछली पालन विभाग कार्यालय में भीषण आग, लाखों का नुकसान

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जिला सहायक संचालक मछली पालन विभाग के कार्यालय में रविवार को अचानक लगी भीषण आग ने अफरा-तफरी मचा दी। देखते ही देखते आग ने कार्यालय के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखी महत्वपूर्ण सरकारी फाइलें, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य जरूरी सामान जलकर खाक हो गया। इस आगजनी से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। यह घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में हुई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के मोहल्लेवासियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

पुलिस ने किया जायजा

आग लगने की सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र को सुरक्षित किया और एहतियातन आसपास मौजूद लोगों को वहां से दूर रखा गया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी।

एएसपी का बयान

एएसपी अनिल कुमार सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि मछली पालन विभाग में आग लगने की सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है। आग से हुए नुकसान का आकलन संबंधित विभाग कर रहा है। पुलिस भी घटना की जांच कर रही है और तकनीकी टीम से रिपोर्ट मांगी गई है।

मछली पालन विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं। विभागीय स्तर पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है, लेकिन सामग्री और दस्तावेजों को काफी नुकसान पहुंचा है।

Youthwings