फास्टैग की खामी—जुर्माना जेब से: घर में खड़ी गाड़ी का दूसरे राज्य में कट गया टोल

फास्टैग की खामी—जुर्माना जेब से

फास्टैग की खामी—जुर्माना जेब से

फास्टैग सिस्टम में तकनीकी खामियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। देशभर से ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जहां गाड़ी एक जगह खड़ी रहती है और टोल किसी दूसरे राज्य में कट जाता है। इससे वाहन मालिकों में अविश्वास और परेशानियां बढ़ रही हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला नवा रायपुर में सामने आया है, जहां एक किसान की कार घर में पार्क थी, फिर भी बिहार के टोल प्लाजा पर उससे 60 रुपए काट लिए गए।

क्या है मामला?

नवा रायपुर चेरिया के पूर्व सरपंच बल्ला तिवारी ने बताया कि उनकी कार सीजी 04 डीजी 3700 घर की पार्किंग में खड़ी थी। सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि बिहार के बेगूसराय जिले के गोविंदपुरा टोल प्लाजा में 60 रुपए का टोल काट लिया गया है।

मैसेज देखते ही किसान को लगा कि कहीं उनकी कार चोरी तो नहीं हो गई। लेकिन घर के बाहर जाकर देखा तो कार वहीं खड़ी मिली। एचडीएफसी बैंक में बने फास्टैग से कटे पैसे की पुष्टि बैंक ने भी की, लेकिन यह बताने में असमर्थ रहा कि दूर-दराज के टोल पर उनके वॉलेट से पैसा कैसे कटा।

तकनीकी खामियों से बढ़ रही दिक्कत

विशेषज्ञों के मुताबिक गलत कटौती के पीछे दो बड़ी वजहें सामने आती हैं—

1. कैमरा गलत नंबर पढ़ लेता है

टोल प्लाजा पर लगे कैमरे कई बार वाहन का नंबर सही तरीके से स्कैन नहीं कर पाते। ऐसे में सिस्टम किसी दूसरे वाहन से मिले-जुले नंबर को पढ़कर गलत फास्टैग से पैसा काट देता है।

2. मैनुअल एंट्री में गलती

जब कैमरा नंबर नहीं पढ़ पाता, तो टोल कर्मचारी खुद नंबर एंट्री करते हैं। इस दौरान एक छोटी सी गलती किसी और के फास्टैग से पैसा कट जाने का कारण बन जाती है।

read more : ‘टोकन तुहर हाथ ऐप’ बना किसानों की मुसीबत: सर्वर डाउन, स्लॉट फेल—खरीदी प्रक्रिया में भारी अव्यवस्था, बढ़ी परेशानी

शिकायतों से अफसर भी परेशान

परिवहन विभाग के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि गलत कटौती के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। केवल आम लोग ही नहीं, विभाग के अफसरों को भी कभी-कभी बिना यात्रा किए टोल कटने के मैसेज आते हैं।
छोटी रकम होने की वजह से कई लोग शिकायत तक दर्ज नहीं कराते, जिसके कारण ऐसे मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

गलत कटे पैसे वापस कैसे मिलेंगे?

फास्टैग से गलत टोल कटने पर तुरंत शिकायत करें—

हेल्पलाइन: 1033
ईमेल: falsetoll-deduction@ihmcl.com

शिकायत करते समय ये जानकारी दें:

गाड़ी नंबर

ट्रांजेक्शन आईडी

कटने की तारीख व समय

फास्टैग ऐप/बैंक वॉलेट का स्क्रीनशॉट

शिकायत दर्ज होने पर गाड़ी मालिक को एक रेफरेंस नंबर मिलता है, जिसकी मदद से रिफंड का स्टेटस ट्रैक किया जा सकता है।

Youthwings